IPL 2017: मप्र की 5 महिला क्रिकेटरों को आज सम्मानित करेगा BCCI
मध्यप्रदेश की पांच पूर्व अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटरों को बीसीसीआई द्वारा क्रिकेट में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इंदौर (किरण वाईकर)। मध्यप्रदेश की पांच पूर्व अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटरों को बीसीसीआई द्वारा क्रिकेट में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। बीसीसीआई की महिला क्रिकेटरों को एकमुश्त अनुग्रह राशि प्रदान करने की योजना के तहत संध्या अग्रवाल समेत इंदौर की पांच महिला क्रिकेटरों को किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मैच के दौरान राशि प्रदान की जाएगी।
बीसीसीआई की क्रिकेट प्रशासकों की समिति ने महिला क्रिकेटरों के योगदान को ध्यान में रखकर इस योजना की शुरुआत की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह अनुग्रह राशि पाने वाली खिलाडि़यों में भारत की पूर्व कप्तान संध्या अग्रवाल के अलावा रेखा पुणेकर, रूपांजलि शास्त्री, बिंदेश्वरी गोयल और अरूंधति किरकिरे शामिल हैं। इन क्रिकेटरों को इनके द्वारा खेले गए मैचों के आधार पर यह राशि प्रदान की जाएगी। किंग्स इलेवन और मुंबई इंडियंस के बीच होलकर स्टेडियम में होने वाले मैच में टॉस के बाद इन्हें इन राशि के चेक प्रदान किए जाएंगे।
संध्या अग्रवाल को 25 लाख रुपए तथा रेखा, रूपांजलि, बिंदेश्वरी और अरूंधति को 15-15 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।
53 वर्षीया संध्या ने 13 टेस्ट और 21 वन-डे में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। 41 वर्षीया रूपांजलि ने भारत की तरफ से 1 टेस्ट और 12 वन-डे खेले जबकि 36 वर्षीया अरूंधति ने 1 टेस्ट और 30 वन-डे में भारत का प्रतिनिधित्व किया। 37 वर्षीया बिंदेश्वरी गोयल 3 टेस्ट और 4 वन-डे खेली जबकि रेखा पुणेकर ने 2 टेस्ट और 1 वन-डे में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें