भारत को मिला नया युवराज, इस बल्लेबाज़ ने जड़ दिए 6 गेंदों पर 6 छक्के
टाइम्स शील्ड 'बी' डिविजन टूर्नामेंट' में एक बल्लेबाज़ ने युवराज सिंह की ही तरह 6 गेंद में 6 छक्के लगा दिए। सागर मिश्रा ने ऐसा कर अपना नाम दिग्गज़ों के साथ शामिल करवा लिया हैं।
मुंबई। एक तरफ जहां बुधवार को सिक्सर किंग युवराज सिंह अभिनेत्री हेजल कीच के साथ शादी के बंधन में बंध रहे थे। तो दूसरी तरफ मुंबई में एक खिलाड़ी उन्ही की ही तरह 6 गेंदों पर 6 छक्के लगा रहा था। खास बात ये है कि ये बल्लेबाज़ भी युवी की ही तरह बाएं हाथ का है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक 23 साल के सागर मिश्रा ने 'टाइम्स शील्ड 'बी' डिविजन टूर्नामेंट' में वेस्टर्न रेलवे की ओर से खेलते हुए आरसीएफ के खिलाफ 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने का कारनामा किया। नंबर चार पर बैटिंग करने आए सागर ने आरसीएफ के ऑफ स्पिनर तुषार कुमारे के एक ओवर में छह की छह गेंदों को बाउंड्री के पार पहुंचा कर इतिहास रचा।
अपनी इस शानदार पारी के दौरान सागर ने 46 गेंदें खेलीं और 91 रन का योगदान दिया। छह छक्के जड़कर 91 रन की पारी खेलने वाले बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि अपनी सेंचुरी से चूक जाने का उन्हें मलाल है।
सागर ने मुश्किल भले हालात में छह छक्के मारने का कारनामा किया। जिस ओवर में उन्होंने छह छक्के मारे वह इतना आसान नहीं था। 5वां छक्का जड़ने के सागर के पैर में क्रैंप्स आ गए, जिसकी वजह से वह मैदान पर ही लेट गए। दर्द के बावजूद सागर खेलते रहे। कुमार ने ओवर के छठे छक्के से बचने के लिए सागर को पैरों में ही बॉल खिलाई। लेकिन परेशानी से जूझ रहे सागर ने इस गेंद को भी मिड विकेट बाउंड्री के पार पहुंचा कर एक ओवर में 6 छक्के जड़ने का कीर्तिमान बना दिया।
क्रिकेट के खेल में लगातार 6 बॉल पर 6 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड दुनिया के गिने-चुने बल्लेबाज़ों के ही नाम हैं। इंटनेशनल क्रिकेट में तो सिर्फ हर्शल गिब्स और युवराज सिंह ने यह कारनामा किया है। इसके अलावा इसमें अगर फर्स्ट क्लास क्रिकेट को भी इस फेहरिस्त में सर गैरी सोबर्स, रवि शास्त्री और ऐलेक्स हेल्स का नाम भी शामिल है। सागर मिश्रा ने भी एक ओवर में 6 छक्के जड़कर अपना नाम इन दिग्गज़ों के साथ शामिल करवा लिया है।