पहली बार आइपीएल में इतिहास रच दिया मुंबई के इस धाकड़ कप्तान ने
आइपीएल में इतिहास रच दिया मुंबई के इस धाकड़ कप्तान ने।
नई दिल्ली, संजय सावर्ण। मुंबई इंडियंस ने हर बाधा को पार करते हुए आइपीएल 10 के फाइनल में जगह बनाई और तीसरी बार इस खिताब को अपने नाम किया। इस जीत का सारा श्रेय टीम के खिलाड़ियों को तो जाता ही है साथ ही टीम की अगुआई करने वाले रोहित शर्मा ने भी कमाल की कप्तानी की। रोहित शर्मा ऐसा करने वाले आइपीएल इतिहास के पहले कप्तान बन गए।
-ऐसा करने वाले आइपीएल के पहले कप्तान बन गए रोहित
रोहित शर्मा की अगुआई में मुंबई पहले दो बार आइपीएल खिताब जीत चुका था और तीसरी बार इस टीम ने एक बार फिर से इस खिताब पर कब्जा जमाया। अब रोहित आइपीएल इतिहास के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने तीन बार इस खिताब पर कब्जा किया। रोहित के बाद सबसे ज्यादा बार चेन्नई सुपर किंग्स धौनी की अगुआई में और कोलकाता नाइट राइडर्स गौतम गंभीर की कप्तानी में दो-दो बार आइपीएल का खिताब जीत चुके हैं।
-2013 में मुंबई ने जीता था पहला खिताब
मुंबई ने पहली बार आइपीएल का खिताब वर्ष 2013 में जीता था। इस वर्ष रोहित की कप्तानी में इस टीम ने फाइनल मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 23 रन से हराया था। इस मैच में मुंबई ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 148 रन बनाए थे। इसके जबाव में चेन्नई 20 ओवर में 9 विकेट पर 125 रन ही बना पाई थी।
-2015 में जीता था दूसरा खिताब
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने आइपीएल का दूसरा खिताब वर्ष 2015 में जीता था। इस बार भी मुंबई के अलावा फाइनल में धौनी की चेन्नई सुपर किंग्स पहुंची थी। इस मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 202 रन बनाए थे। इसके जबाव में चेन्नई 20 ओवर में 8 विकेट पर 161 रन ही बना पाई थी। इस मैच में मुंबई को 41 रन से जीत मिली थी।
-2017 में जीता तीसरा खिताब
मुंबई ने रोहित की कप्तानी में वर्ष 2017 का आइपीएल खिताब अपने नाम किया। इस बार फाइनल में मुंबई का सामना पुणे से था। इस फाइनल में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 129 रन बनाए। इसके जबाव में पुणे 20 ओवर में 6 विकेट पर 128 रन ही बना पाई और मुंबई ने ये मैच एक रन से जीत लिया।