'25' के फेर में फंसकर मुंबई की टीम हो गई थी लाचार, इनपर नहीं पा सकी पार
आइपीएल 10 के फाइनल में मुंबई की टीम को '25' के फेर मे बहुत परेशान किया।
नई दिल्ली, प्रदीप सहगल। मुंबई इंडियंस और पुणे सुपरजाएंट के बीच खेले गए आइपीएल 10 के फाइनल मुकाबले में एक भारतीय गेंदबाज़ और एक ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ी की जुगलबंदी पुणे के काम आई और इस ‘25’ के फेर में फंसकर मुंबई की टीम लाचार हो गई। इस जोड़ी ने मुंबई की टीम की कमर तोड़कर रख दी। हम बात कर रहे हैं तेज़ गेंदबाज़ जयदेव उनादकट और एड्म जंपा की। आपको बता दें कि ये दोनों ही गेंदबाज़ 25-25 साल के हैे और इन दोनों के दमदार प्रदर्शन की वजह से ही मुंबई की टीम खिताबी मुकाबले में बड़ा स्कोर ख़ड़ा करने में नाकाम रही।
‘J’ फैक्टर ने दिखाया जलवा
मुंबई के टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया और पारी के तीसरे ही ओवर में जयदेव उनादकट ने मुंबई के दोनों ओपनरों को पवेलियन की राह दिखा दी। उनादकट ने पहले पार्थिव पटेल को इस ओवर की पहली गेंद पर आउट किया। मुंबई की टीम अभी इस झटके से उबरी भी नहीं थी कि उनादकट ने लैंडल सिमंस को आउट कर मुंबई को डबल झटका दे दिया।
मुंबई की पारी के 11वें ओवर में जलवा दिखाया स्पिन गेंदबाज़ एड्म जंपा ने। जंपा ने इस ओवर की पहली गेंद पर मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा का अहम विकेट चटकाया। रोहित 24 रन बनाकर आउट हुए। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर जंपा ने पोलार्ड का काम तमाम कर दिया। जंपा ने मुंबई को एक ही ओवर ये दो महत्वपूर्ण झटके देकर मुंबई की टीम की कमर ही तोड़ दी।
जयदेव और जंपा ने कसा शिकंजा
आइपीएल 10 के फाइनल मैच में जयदेव उनादकट ने अपने 4 ओवर में 19 रन देकर मुंबई के दोनों ओपनर्स को पवेलियन की राह दिखाई, तो वहीं दूसरी तरफ एड्म जंपा ने अपने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 बेहद अहम विकेट चटकाए। हालांकि 17 साल के वॉशिंगटन सुंदर ने भी अपने 4 ओवर में सिर्फ 12 रन दिए लेकिन वो कोई भी विकेट लेने में सफल नहीं हो पाए।
आइपीएल की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें