भारत ने श्रीलंका को दिया सबसे बड़ा दर्द, बन गया कमाल का रिकॉर्ड
श्रीलंका को गॉल टेस्ट मैच ने वो जख्म दिए जो जल्दी भूलने वाला नहीं है।
नई दिल्ली। शनिवार का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खुशी वाला रहा क्योंकि भारत ने श्रीलंका को पहले टेस्ट मैच में गॉल में 304 रन के बड़े अंतर से हराया। श्रीलंका को इस टेस्ट मैच ने वो जख्म दिए जो जल्दी भूलने वाला नहीं है।
श्रीलंका को मिली सबसे बड़ी हार
टेस्ट क्रिकेट में रनों के मामले में ये श्रीलंका की सबसे बड़ी हार साबित हुई। इससे पहले श्रीलंका को रनों के लिहाज से टेस्ट में सबसे बड़ी हार वर्ष 1994 में कोलंबो में पाकिस्तान के हाथों मिली थी। इस मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 301 रनों से हराया था।
विदेशी धरती पर भारत को मिली सबसे बड़ी जीत
भारत ने गॉल टेस्ट मैच में श्रीलंका को 304 रन से हराया। विदेशों में रनों के मामले में ये भारत की सबसे बड़ी जीत थी। इससे पहले विदेशी धरती पर भारत ने रनों के लिहाज से सबसे बड़े अंतर से वर्ष 1986 में लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड को 279 रन से हराया था। कुल मिलाकर रनों के मामले में ये भारत की चौथी सबसे बड़ी जीत रही और श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में सबसे बड़ी जीत थी।
जीत के लिए दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य
टेस्ट क्रिकेट में जीत के लिए भारत ने श्रीलंका के सामने दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य (550 रनों का) रखा था। इससे पहले भारत ने जीत के लिए सबसे बड़ा लक्ष्य वर्ष 2009 में न्यूजीलैंड के सामने (617 रनों का) रखा था।