पहले दिन के लिए रहाणे ने ली जिम्मेदारी, अब अाज की खेल पर नजरें
पहले दिन के अंत में भारत ने 7 विकेट खोकर कुल 239 रन बनाए थे। भारत की तरफ से 77 रन बनाने वाले अजिंक्य रहाणे ने इसके लिए खुद को दोषी माना है।
कोलकाता। भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार को कोलकाता के इडेन गार्डन पर शुरू हुए सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में पहले दिन भारत की स्थिति ठीक नजर नहीं आई। दिन के अंत में भारत ने 7 विकेट खोकर कुल 239 रन बनाए थे। भारत की तरफ से 77 रन बनाने वाले अजिंक्य रहाणे ने इसके लिए खुद को दोषी माना है। अब देखना होगा कि आज मैच के दूसरे दिन भारत कैसे इस स्थिति से बाहर निकलती है।
पहले दिन टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के बाद रहाणे ने कहा, 'यह कोलकाता की ठेठ पिच नहीं है। विकेट दो तरह का था। यह हमारे लिए अच्छा दिन नहीं था। हमें लगा था कि विकेट काफी अच्छा होगा। आमतौर पर यह सपाट और बल्लेबाजी के लिए अच्छा होता है। इस बार तेज गेंदबाजों के लिए अच्छा था। हमारे कुछ खिलाड़ी आसानी से आउट हो गए, लेकिन मेरे और पुजारा के बीच साझेदारी अहम थी। मैं और पुजारा दोषी हैं, क्योंकि हम दोनों जमे हुए थे। इस भागीदारी को आगे ले जाने की जिम्मेदारी हमारी थी। एक बल्लेबाज को आउट करने के लिए सिर्फ एक गेंद की जरूरत होती है। लेकिन हम में से कोई एक शतक बनाता तो हमारी स्थिति अलग होती। मैं किसी अन्य को दोषी नहीं ठहरा रहा हूं। यह हमारी जिम्मेदारी थी।'
इस मैच के स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें
वहीं, दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट लेने वाले उनके गेंदबाज मैट हेनरी पहले दिन अपनी टीम के प्रदर्शन से उत्साहित दिखे। हेनरी ने कहा, 'आज हमने जिस तरह की गेंदबाजी की वह बेजोड़ थी। हम समझते थे कि हमें उनकी रनगति पर अंकुश लगाए रखना होगा, क्योंकि इन परिस्थतियों में विकेट हासिल करना बहुत मुश्किल है। हम जानते थे कि नई गेंद का फायदा उठाना महत्वपूर्ण था, क्योंकि विकेट पर लंबे समय तक कवर रहा। इसलिए यह खेल का महत्वपूर्ण दौर रहा।' देखना दिलचस्प होगा कि मैच के दूसरे दिन भारत अपनी स्थिति को कैसे सुधारता है।