दूसरी रणजी टीमें मुंबई के मुकाबले मजबूत : मांजरेकर
पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर का मानना है कि मुंबई टीम की तुलना में दूसरी रणजी टीमें मजबूत हो रही हैं।
मुंबई, प्रेट्र। पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर का मानना है कि मुंबई टीम की तुलना में दूसरी रणजी टीमें मजबूत हो रही हैं। इस सत्र में भी मुंबई को नॉकआउट में जगह पक्की करने के लिए आखिरी लीग मैच का इंतजार करना पड़ा।
41 बार की चैंपियन मुंबई ने ग्रुप 'सी' के आखिरी लीग मैच में त्रिपुरा को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पिछले साल फाइनल में गुजरात ने मुंबई को हराया था। मांजरेकर ने कहा, 'मुंबई को क्वार्टर फाइनल के लिए भी आखिरी लीग के मुकाबले का इंतजार करना पड़ा, जिसका शायद एक कारण यह है कि दूसरी टीमें मजबूत हो रही हैं। इससे पहले मुंबई और अन्य टीमों का दबदबा रहता था। अब छोटे शहरों के लड़के भी जिगर के साथ खेलते हैं। वे कड़ी चुनौती दे रहे हैं।
मुंबई के पूर्व सलामी बल्लेबाज लालचंद राजपूत के साथ एक कार्यक्रम के दौरान मांजरेकर ने यह बात कही। इस दौरान राजपूत ने कहा, 'मुंबई की अपेक्षा में दूसरी टीमें अच्छा खेल रही हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में खेलने से खिलाडिय़ों को फायदा मिला है। अब अन्य रणजी टीमों के खिलाड़ी दावा करते हैं कि हम मुंबई को हरा सकते हैं।