Move to Jagran APP

नान घोटाले में कांग्रेस का सीएम पर फिर हमला

छत्तीसगढ़ में नागरिक आपूर्ति निगम [नान] के भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह से इस्तीफे की मांग की है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय माकन ने नान के भ्रष्टाचार में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के शामिल होने का आरोप लगाया है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sun, 05 Jul 2015 02:38 AM (IST)Updated: Sun, 05 Jul 2015 02:45 AM (IST)
नान घोटाले में कांग्रेस का सीएम पर फिर हमला

रायपुर [ब्यूरो]। छत्तीसगढ़ में नागरिक आपूर्ति निगम [नान] के भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह से इस्तीफे की मांग की है। नईदिल्ली में कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय माकन ने नान के भ्रष्टाचार में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, उनकी सरकार के मंत्री, अफसर और मुख्यमंत्री के परिवार के सदस्यों के शामिल होने का आरोप लगाया है।

loksabha election banner

माकन ने कहा कि यह घोटाला भाजपा के अब तक के सभी घोटाले को छोटा साबित कर देगा। नान के घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो [एसीबी] ने जो डायरी और दूसरे सबूत इक_े किए हैं, उसमें मुख्यमंत्री, उनके परिवार और उनके रसोइए के नाम शामिल होने के सबूत हैं।

कांग्रेस ने एसीबी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा है कि अगर सबूत हैं तो अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई है। पार्टी ने मांग की है कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में गठित विशेष जांच समिति [एसआईटी] को सौंपना चाहिए।

अजय माकन ने सवाल किया कि आखिर दिल्ली और नागपुर में भी नगद राशि किसे पहुंचाई गई? उन्होंने आरोप लगाया कि नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यालय है और दिल्ली में भाजपा का केंद्रीय कार्यालय है। एसीबी को मिली डायरी में साफ है कि यहां 16-16 करोड़ रुपए भेजे गए हैं। कांग्रेस इस मामले में विधि प्रकोष्ठ से सलाह ले रही है, इस पर जल्द राजनीतिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस साल में भाजपा सरकार ने पीडीएस में 36 हजार करोड़ का घोटाला किया। हर महीने 300 करोड़ का घोटाला हो रहा था। खास बात यह है कि माकन जिस समय रमन सिंह पर यह हमला बोल रहे थे, उस समय उनके कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल और कांग्रेस नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव भी मौजूद थे।

अब तक सुषमा, राजे और शिवराज थे निशाने पर

भाजपा नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोलकर बैठी कांग्रेस के निशाने पर अब तक विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के अलावा मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही थे। पहली बार कांग्रेस ने रमन सिंह पर हमला बोला है।

मीडिया में बांटे गए डायरी के पन्ने

कांग्रेस ने इस दौरान उस डायरी के पन्नों को मीडिया में बांटा, जिसमें सीएम और उनके परिवार के कोड नाम दर्ज हैं। साथ ही उन नामों के आगे करोड़ों के लेनदेन दर्ज है। इस दौरान कांग्रेस ने करोड़ों के बैंक लेनदेन की भी जानकारी दी।

कांग्रेस के सारे आरोप तथ्यहीन: प्रेमप्रकाश

मंत्री प्रेमप्रकाश पांडे ने कांग्रेस के आरोपों पर सरकार की तरफ से पक्ष रखा। रायपुर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में श्री पांडे ने कांग्रेस के सभी आरोपों को झूठा और तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि 25 मार्च को अभिषेक मनु सिंघवी ने भी इसी विषय पर दिल्ली में फर्जी तथ्यों और झूठे दस्तावेजों के सहारे देश को गुमराह करने का प्रयास किया था। उस प्रयास को तवज्जो नहीं मिलने के कारण एक बार फिर असफल प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, उनके परिवार और सीएम कार्यालय के अधिकारियों पर जिस डायरी के सहारे आरोप लगाने का प्रयास किया जा रहा है, वह पूरी तरह कूटरचित और फर्जी है। कांग्रेस जिस शिवशंकर भट्ट के पास से डायरी मिलने की बात कह रही है, अदालत में उसके वकील ने इस डायरी से ही इनकार कर दिया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से 2013-14 तक पीडीएस में सिर्फ 27 हजार करोड़ का व्यय किया गया। ऐसे में कुल बजट से 36 हजार करोड़ किस प्रकार हड़प किए जा सकते हैं, यह कारनामा सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.