भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ युवा कांग्रेस करेगी देशव्यापी आंदोलन
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेंदर सिंह राजा बरार का कहना है कि उनका संगठन भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन करेगा। देश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से करीब 25 लाख पोस्टकार्ड राष्ट्रपति को भेजे जाएंगे।
रायपुर [ब्यूरो]। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेंदर सिंह राजा बरार का कहना है कि उनका संगठन भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन करेगा। देश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से करीब 25 लाख पोस्टकार्ड राष्ट्रपति को भेजे जाएंगे। भूमि अधिग्रहण कानून में एनडीए सरकार द्वारा किए जा रहे बदलाव के खिलाफ अगले तीन माह युवा कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी।
छत्तीसगढ़ में प्रदेश युवा कांग्रेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए बरार ने मंगलवार की सुबह संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि यूपीए सरकार द्वारा बनाए गए भूमि अधिग्रहण कानून को खत्म करने की कोई जरूरत ही नहीं है।
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के बारे में उन्होंने कहा कि इस सरकार ने किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2100 रुपए और 300 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने का वादा किया था, लेकिन वादा खिलाफी की गई। समर्थन मूल्य पर धान खरीद की लिमिट 15 क्ंिवटल तय करने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा में किसानों से इसका दोगुना धान खरीदा जा रहा है।
संगठन चुनाव की वकालत
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उनका मानना है कि सीनियर कांग्रेस में संगठन चुनाव प्रत्याक्ष प्रणाली से होने चाहिए। युवा कांग्रेस में चुनाव की प्रक्रिया को लेकर गड़बड़ी के सवाल पर उन्होंने माना कि चुनाव के सिस्टम में बहुत से कमियां हैं। इसे सुधारने के लिए अब सदस्यता शुल्क 15 रुपए से घटाकर 5 रुपए किया जा रहा है।
सिंगल मेंबरशिप
बरार ने बताया कि कांग्रेस के अलग-अलग संगठनों में अलग सदस्यता जैसे प्रावधान को अब बदलने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस में अब सिंगल सदस्यता होगी। यानी एक व्यक्ति एक सदस्यता लेकर पूरे संगठन की किसी भी शाखा का सदस्य हो सकता है।