पंचायत चुनाव के बाद रमन कैबिनेट में नए चेहरे
रायपुर [ब्यूरो]। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कैबिनेट मे
रायपुर [ब्यूरो]। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कैबिनेट में नए चेहरे शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने बुधवार को दिल्ली रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में यह संकेत दिए। डॉ. सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद कैबिनेट में फेरबदल किया जाएगा। प्रदेश सरकार में अभी नौ मंत्री हैं। कैबिनेट में अभी तीन मंत्रियों को और शामिल करना है।
छत्तीसग़़ढ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के बाद मंत्रियों की परफार्मेस का आकलन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि रमन कैबिनेट के वर्तमान कुछ मंत्रियों का विभाग बदला जा सकता है। पार्टी को नगरीय निकाय चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिला है। नगरीय निकाय चुनाव से छह महीने पहले विभाग की जिम्मेदारी मंत्री अमर अग्रवाल को सौंपी गई थी। इससे पहले यह विभाग मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के पास था। अब परिणाम आने के बाद यह संकेत मिल रहे हैं कि सरकार में शामिल होने वाले नए मंत्रियों में से किसी एक को नगरीय निकाय विभाग दिया जा सकता है।
बिलासपुर नसबंदी कांड के बाद मंत्री अमर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से स्वास्थ्य विभाग किसी अन्य मंत्री को देने की बात कही थी। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि स्वास्थ्य विभाग में भी बदलाव हो सकता है।
उच्च प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार विभागों के बंटवारे के बाद कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की नाराजगी सामने आई थी। गृह विभाग की परफार्मेस भी बेहतर नहीं मानी जा रही है। इसको देखते हुए कुछ मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल के अनुमान लगाए जा रहे हैं।
विवाह समारोह में शामिल होने दिल्ली पहुंचे मंत्री
राज्यपाल बलरामदास टंडन के परिवार के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रेमप्रकाश पांडे, राजेश मूणत, अमर अग्रवाल सहित राज्य सरकार के आधे मंत्री दिल्ली गए हैं। विवाह समारोह में शामिल होने के बाद वे 15 जनवरी को राजधानी पहुंचेंगे। 16 जनवरी को कैबिनेट की बैठक है।