Move to Jagran APP

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की पदयात्रा 22 से, 27 को सीएम का घेराव

रायपुर [ब्यूरो]। नसबंदी कांड के विरोध में कांग्रेस बिलासपुर से राजधानी तक पदयात्रा करेगी। प्रदेश पदा

By Edited By: Published: Thu, 20 Nov 2014 06:13 AM (IST)Updated: Thu, 20 Nov 2014 01:53 AM (IST)
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की पदयात्रा 22 से, 27 को सीएम का घेराव

रायपुर [ब्यूरो]। नसबंदी कांड के विरोध में कांग्रेस बिलासपुर से राजधानी तक पदयात्रा करेगी। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में इसकी तारीख तय कर दी गई है। इसके तहत 22 से 27 नवंबर तक पदयात्रा होगा। वहीं पदयात्रा के अंतिम दिन मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने 25 नवंबर तक ब्लॉक और जिलों में भी पदयात्रा करने का निर्देश दिया है। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग भी की है।

loksabha election banner

प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक में नसबंदी कांड को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई गई। वहीं सभी पदाधिकारियों से सुझाव लिए गए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि नसबंदी कांड प्रदेश को शर्मसार करने वाला है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बिलासपुर आगमन से पूरे मामले में और अधिक गंभीरता आई है।

उन्होंने पीड़ित लोगों तक भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के नहीं आने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनेक संवेदनशील मामलों में मुख्यमंत्री द्वारा जनता की मांग की अनदेखी करने के कारण अराजकता की स्थिति बनी है। इनके कार्यकाल में इतनी बड़ी-बड़ी घटनाएं हुई, इसकी जिम्मेवारी मुख्यमंत्री की बनती है, इस वजह से कांग्रेस मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है। बघेल ने स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल के दो कार्यकाल में आंख फोड़वा कांड, गर्भाशय कांड, नसबंदी कांड के बाद मुख्यमंत्री से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है।

बघेल ने छत्ताीसगढ़ बंद की सफलता के लिए छत्ताीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह आंदोलन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर किया जा रहा है, इस वजह से इसे गंभीरता से लेना चाहिए।

उन्होंने कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से करने के साथ ही जिला कमेटियों को पूरी जिम्मेदारी से करने की अपील की। श्री सिंहदेव ने सदस्यता अभियान को और अधिक तेज करने पर जोर दिया। बैठक में सदस्यता अभियान की भी समीक्षा की गई।

स्वास्थ्य मंत्री को चूड़ी भेंट करने के पहले ही 39 महिला कांग्रेसी गिरफ्तार

बिलासपुर [निप्र]। स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल को चूड़ी भेंट करने जा रहीं 39 महिला कांग्रेसियों को पुलिस ने राजेंद्र नगर चौक से गिरफ्तार कर कोनी थाने में रखा। वहां एक घंटे के बाद उन्हें रिहार कर दिया गया। इसके पूर्व आंदोलनकारियों ने नसबंदी कांड को लेकर इंदिरा चौक से नेहरू चौक तक पैदल मार्च कर धरना दिया।

नसबंदी कांड और जहरीली दवा के मामले ने जम कर राजनीति हो रही है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने तारबाहर चौक पर सुबह 10.30 बजे श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्री अग्रवाल समेत दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर इंदिरा चौक तारबाहर से पैदल मार्च किया। महिला कांग्रेसी गांधी चौक होते हुए दोपहर में नेहरू चौक पहुंची। यहां पर धरना-प्रदर्शन कर नसबंदी कांड व जहरीली दवा को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद महिला कांग्रेसी नेहरू चौक से स्वास्थ्य मंत्री श्री अग्रवाल के निवासस्थल राजेंद्र नगर की ओर ब़़ढीं। जहां पर पिछले एक सप्ताह से सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। उन्होंने आंदोलनकारी महिला कांग्रेसियों को चौक पर ही रोक लिया। महिलाएं श्री अग्रवाल को चूड़ी भेंट करने के लिए सुरक्षा घेरे को तोड़ कर आगे बढ़ना चाह रहीं थी, लेकिन पुलिस ने 39 महिला कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें मेयर वाणी राव एवं महिला कांग्रेस की अध्यक्ष संध्या तिवारी आदि शामिल थी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को कोनी थाने में रखा गया। जहां एक घंटे बाद दोपहर तीन बजे रिहा कर दिया गया।

महिलाओं के साथ पुलिस कर्मियों ने की धक्का-मुक्की

मौके पर बड़ी संख्या में पुरुष पुलिस कर्मी ही मौजूद थे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए धक्का-मुक्की की। हालांकि कुछ देर में मौके पर महिला पुलिस कर्मी भी पहुंच गई। वहीं धक्का-मुक्की को लेकर महिला कांग्रेसियों में भारी नाराजगी थी।

रायपुर-बिलासपुर रोड में लगा जाम

कांग्रेस के प्रदर्शन के कारण रायपुर-बिलासपुर मार्ग में करीब आधे घंटे तक जाम लग गया था। इसके कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कुछ भी नहीं किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.