अब छत्तीसगढ़ के मैदान में टीम मोदी
रायपुर [ब्यूरो]। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद टीम मोदी के सदस्य एक बार फिर छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो रहे हैं। लोकसभा चुनाव के समय टीम मोदी के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर चुनावी अभियान चलाया था। अब केंद्र सरकार और राज्य सरकार की विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए टीम मोदी के सदस्य सक्रिय हुए हैं।
मिशन 272 के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ प्रभारी राजेश दवे रविवार को राजधानी पहुंचे। उन्होंने सुशासन की योजनाओं को भ्रष्टाचार मुक्त करके आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही।
पत्रकारों से चर्चा में दवे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले 11 साल से भाजपा की सरकार है। अब केंद्र में भी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बन गई है। इससे प्रदेश के विकास की रफ्तार में तेजी आएगी। इस तेजी को आखिरी व्यक्ति के लिए लाभकारी बनाने की योजना पर टीम मोदी के सदस्य काम कर रहे हैं।
राजेश दवे ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान मिशन 272 के तहत छत्तीसग़़ढ के 40 हजार से ज्यादा लोगों ने मिस्ड काल करके समर्थन दिया था। यह 40 हजार लोग भाजपा के सदस्य नहीं है, लेकिन भाजपा को समर्थन करते हैं। अब इन लोगों को विकास की योजनाओं से जोड़ने की तैयारी चल रही है। इसके लिए गांव से लेकर राजधानी तक सक्रिय सदस्यों का एक समूह बनाया जाएगा। यह समूह विकास योजनाओं की मानिटरिंग करेगा। इसकी रिपोर्ट सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपी जाएगी।