अंतागढ़ उपचुनाव रद करने की मांग पर दिल्ली में धरना
रायपुर [ब्यूरो]। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने अंतागढ़ विधनसभा उपचुनाव को रद करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग में शिकायत की है।
प्रदेश कांग्रेस की तरफ से छत्तीसगढ़ में ऐसी ही शिकायत व मांग की गई है। इस पर कोई फैसला नहीं आएगा तो कांग्रेस 8 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देगी। बघेल और सिंहदेव का आरोप है उपचुनाव में भाजपा सरकार ने धांधली की है। इसमें कांग्रेस के भी कुछ लोग शामिल हो सकते हैं। इस पूरे मामले की पार्टी हाईकमान और भारत निर्वाचन आयोग से शिकायत की गई है।
दोनों नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पूरी जानकारी दे दी है। वहीं भारत निर्वाचन आयोग से चुनाव को रद्द करने की मांग की गई, लेकिन इस पर आयोग का फैसला नहीं आया है। कांग्रेस कार्यकारिणी की गुरुवार को हुई बैठक में अंतागढ़ उपचुनाव रद्द करने की मांग को लेकर 8 सितंबर को एक दिवसीय धरना दिल्ली में देने का फैसला लिया गया है।
बघेल और सिंहदेव ने कहा कि हम चुनाव को रद्द कराने की दिशा में आगे ब़़ढ रहे हैं, लेकिन अभी तक आयोग की तरफ से फैसला नहीं आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही कोई न कोई फैसला जरूर आएगा। मांगें पूरी नहीं होने पर कांग्रेस ने दिल्ली में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
हाईकमान को करना है निर्णय
बघेल और सिंहदेव ने कहा कि पार्टी हाईकमान को मंतूराम पवार से संबंधित पूरी घटना की जानकारी दे दी गई। वहीं कांग्रेसियों के शामिल होने की संभावनाओं से भी अवगत करा दिया गया है और अब अंतिम फैसला हाईकमान को करना है।