नदी में 5 किमी तक बही फिर भी जिंदा बच गई
रायपुर। राजधानी में बुधवार की दोपहर अजीबो-गरीब घटना घटी। खतरे के निशान से ऊपर बह रही खारुन नदी पर बने महादेव घाट के पुल के ऊपर तक नदी का पानी बह रहा था। इस दृश्य को कैमरे में कैद करने के लिए वहां बुधवार सुबह काफी लोग पहुंचे थे। इन्हीं में शामिल एक स्टूडेंट भूमिका पटेल का पैर अचानक फिसला और वह पुल से सीधे खारुन नदी में जा गिरीं। कुछ ही मिनटों में वह 5 किमी दूर तक बहते चली गई। करीब में स्थित एक गांव के लोगों ने जब लड़की को बहते हुए देखा तो उन्होंने किसी तरह उसे नदी से बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
बारिश थमने से मिली राहत
बुधवार को छत्ताीसगढ़ में बारिश का दौर थमने के साथ लोगों को राहत मिली। हालांकि राज्य के अंदरूनी इलाकों से छोटे नदी-नालों का पानी बड़ी नदियों में आने से महानदी, जोंक, खारून, शिवनाथ नदियों का जलस्तर कम नहीं हुआ। बुधवार को भी राज्य के कई मार्ग बंद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन मुस्तैद रहा।