इतिहास के सर्वश्रेष्ठ पीएम होंगे नरेंद्र मोदी: रमन
रायपुर। भाजपा के भीतर जारी घमासान के दावों को नकारते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा है कि नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री होंगे। उनके नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। अब तक अटल बिहारी वाजपेयी को अच्छा प्रधानमंत्री बताती आ रही भाजपा के लिए रमन सिंह का यह बयान काबिलेगौर है।
पीटीआइ को दिए विशेष इंटरव्यू में रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रत्याशी को लेकर भाजपा में कोई मतभेद नहीं हैं। सभी जनमत सर्वेक्षणों में इस बात की पुष्टि हो रही है कि मोदी को प्रधानमंत्री बनाते हुए राजग आसानी से अपने दम पर सरकार बनाएगा। पूरे देश में मोदी की लहर चल रही है।
कांग्रेस पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही इस बुराई से लड़ सकती है। उन्हें विश्वास है कि देश के लोग राजग को पूर्ण बहुमत देंगे क्योंकि कांग्रेस की सच्चाई सबको पता है। लोग अब भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चाहते हैं और केवल भाजपा ही इस बुराई के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति प्रदान कर सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी का नेतृत्व और लोकप्रियता लोकसभा चुनावों में जीत के लिए न केवल छत्तीसगढ़ में बल्कि पूरे देश में भाजपा को अतिरिक्त फायदा पहुंचाएगा।