साल 2022 में 30 रुपए लीटर मिलेगा पेट्रोल, जानिए क्या है कारण
अगले 5 साल में पेट्रोल की कीमत 30 रुपए प्रति लीटर तक आ सकती है।
नई दिल्ली: अगर आप पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं तो आपके लिए एक खुशखबरी है। अमेरिका के फ्यूचरिस्ट टोनी सेबा ने दावा किया है कि 5 साल बाद (साल 2022) पेट्रोल 30 रुपए प्रति लीटर की दर से या उससे भी कम कीमत पर बिकेगा। आपको बता दें कि राजधानी दिल्ली में फिलहाल पेट्रोल के दाम 65 रुपए कुछ पैसे हैं। यह खबर इकोनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित हुई है।
क्यों आएगी गिरावट:
माना जा रहा है कि नई तकनीकों के कारण ईंधन के तौर पर पेट्रोल पर दुनिया की निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी और इस वजह से पेट्रोल की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिलेगी। यह दावा अमेरिका के फ्यूचरिस्ट टोनी सेबा ने किया है। टोनी के अनुसार सेल्फ ड्राइव कारों की तेजी से बढ़ती मांग के चलते ऑइल की डिमांड में जोरदार गिरावट आएगी और पेट्रोल के दाम 25 रुपये प्रति बैरल तक गिर सकते हैं।
क्या थी टोनी की भविष्यवाणी:
अमेरिका के फ्यूचरिस्ट टोनी सेबा ने कई साल पहले भविष्यवाणी की थी कि दुनिया में सोलर पावर की मांग में तेजी देखने को मिलेगी। आज यह बात काफी हद तक सच साबित हो रही है। गौरतलब है कि सिलिकॉन वैली के आंत्रप्रेन्योर टोनी सेबा आंत्रप्रेन्योरशिप और क्लीन एनर्जी मामलों के इंस्ट्रक्टर भी हैं।
देश के ऊर्जा मंत्री ने भी दिए थे संकेत:
हाल ही में भारत के ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने भी कहा था, “हम 2030 तक भारत में पूरी तरह इलेक्ट्रिक कारों के ही संचालन पर विचार कर रहे हैं। यानी 15 साल बाद देश में डीजल और पेट्रोल कारों की बिक्री ही बंद हो जाएगी।” इस हिसाब से भी पेट्रोल की कीमतों में आगे आने वाले सालों में कमी आने की संभावना तेज है।