खातों को आधार से जोड़ने का काम इस साल होगा पूरा
इस साल के अंत तक देश में सभी बैंक खातों को आधार से जोड़ दिया जाएगा।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देश में सभी बैंक खातों को आधार से जोड़ने का काम जल्दी ही अपने अंजाम पर पहुंच जाएगा। असम और मेघालय को छोड़कर बाकी देश के लोगों के बैंक खातों को आधार से जोड़ने की प्रक्रिया इस साल के अंत तक पूरी हो सकती है। अब तक कुल बैंक खातों में से करीब 60 फीसद को आधार से जोड़ा जा चुका है। अब तक 56 करोड़ से भी अधिक बैंक खातों को आधार से जोड़ा जा चुका है।
अनुमान के मुताबिक देश में करीब 97 करोड़ बैंक खाते हैं। असम और मेघालय में चूंकि आधार बनाने की प्रक्रिया धीमी चल रही है इसलिए वहां के लोगों के बैंक खातों को आधार से लिंक करने का सिलसिला अभी शुरू नहीं हुआ है। शुक्रवार को सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में एक बैठक हुई जिसमें बैंक खातों को आधार से जोड़े जाने के काम की समीक्षा की गई। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने अब तक की प्रगति का जायजा लिया।
समीक्षा बैठक के मुताबिक बैंक खातों को आधार से जोड़े जाने के साथ उन्हें मोबाइल से लिंक करने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ी है। अब तक 70 करोड़ बैंक खातों को मोबाइल से लिंक किया जा चुका है। इसका तात्पर्य यह हुआ कि ये खाताधारक जब चाहें भीम एप के जरिये डिजिटल भुगतान शुरू कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 14 अक्टूबर को अंबेडकर जयंती पर नागपुर में भीम को आधार से जोड़े जाने का एलान किया था। इसके बाद भीम एप पर आधार के जरिये बैंक खाते से भुगतान किया जा सकता है। पीएम ने अपने भाषण में कहा था कि यह मोबाइल ही अब आपका सिर्फ बटुआ नहीं बल्कि बैंक बन जाएगा।
यह भी पढ़ें: पैन के लिए आधार अनिवार्य करने का फैसला सुप्रीम कोर्ट के स्कैनर पर