वित्त वर्ष 2016-17 में सरकार ने सेस के जरिए जुटाए 2,35,308 करोड़ रुपए
सरकार ने बीते वित्त वर्ष के दौरान सेस और सरचार्ज के माध्यम से भारी राजस्व जुटाया है
नई दिल्ली (पीटीआई)। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान सेस के जरिए 2,35,307.75 करोड़ रुपए का राजस्व जुटाया है जिसमें एजुकेशन सेस, स्वच्छ भारत सेस, कृषि कल्याण सेस और अन्य सेस शामिल है। यह जानकारी आज संसद में दी गई।
लोकसभा में एक लिखित उत्तर के जरिए वित्त राज्य मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने बताया कि अप्रत्यक्ष कर के अंतर्गत एजुकेशन सेस, स्वच्छ भारत सेस, कृषि कल्याण सेस और अन्य सेस एवं सरचार्ज के जरिए वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान 46,939.17 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं अप्रत्यक्ष कर श्रेणी के तहत उपरोक्त उपकर और अधिभार से उत्पन्न राशि बीते वित्त वर्ष में 1,88,368.58 करोड़ रुपए रही है।
वित्त वर्ष 2015-16 के बजट में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सभी सेवाओं पर जरूरत पड़ने 2 फीसद के स्वच्छ भारत सेस को प्रस्तावित किया था। यह सेस 15 नवंबर 2015 को अस्तित्व में आ गया था।
वहीं एक अलग प्रश्न के जवाब में गंगवार ने कहा कि जून 2017 के मध्य तक संशोधित बेनामी लेनदेन (निषेध) अधिनियम, 2016 के प्रभाव में आने के बाद 413 बेनामी संपत्तियां चिन्हित की गई थीं। मंत्री ने कहा कि अधिनियम के तहत संपत्तियों के प्रोविजनल अटैचमेंट में 233 मामलों को शामिल किया गया था। अटैचमेंट के अंतर्गत प्रॉपर्टी की वैल्यू 813 करोड़ रुपए रही। बेनामी प्रॉपर्टी के अटैचमेंट में बैंक अकाउंट डिपॉजिट, ज्वैलरी और अचल संपत्तियां शामिल रहीं।