अगस्त महीने में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में हुई 15.63 फीसद की बढ़ोतरी
देश के डोमेस्टिक हवाई यात्रियों की संख्या में अगस्त महीने में बढ़त दर्ज की गई है
नई दिल्ली (पीटीआई)। अगस्त महीने में देश में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में 15.63 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई है। इस दौरान विमानन कंपनियों की सीटें भरने की स्थिति में भी सुधार देखने को मिला है। यह लगभग 83.94 फीसद रहा है। सोमवार को नागर विमानन महानिदेशालय ने आंकड़े जारी कर बताया कि अगस्त महीने में सभी भारतीय विमानन कंपनियों के यात्रियों की संख्या 96.9 लाख रही है। यह आकड़ां बीते वर्ष की समान अवधि में 83.8 लाख रहा था। इसी तरह इनकी संख्या में 15.63 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जुलाई महीने में यह वृद्धि 12.43 फीसद रही थी।
इस मामले में शीर्ष पर इंडिगो एयरलाइंस रही है। इसके यात्रियों की संख्या 36.78 लाख रही है। इसके बाद दूसरे नंबर पर 15.38 लाख यात्रियों के साथ जेट एयरवेज और तीसरे पर 13.59 लाख यात्रियों के साथ स्पाइस जेट रहा है। एयर इंडिया के यात्रियों की संख्या इस दौरान 12.82 लाख रही है। सीटों को भरने के मामले में स्पाइसजेट शीर्ष पर रही है। इसकी 94.5 फीसद सीटें भरी रहीं। इंडिगो समय पर उड़ान परिचालन मामले में भी शीर्ष पर रही है। इसकी 86.6 फीसद फ्लाइट्स ने समय पर उड़ान भरी है।
हवाई यात्रा करने के लिए अब आपको देना होगा आईडी प्रूफ
नो फ्लाई लिस्ट (एनएफएल) के नए नियमों के लागू होने के बाद घरेलू गंतव्यों की ओर उड़ान भरने पर यात्रियों के लिए आधार, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या पैन नंबर में से कोई एक प्रमाण देना अनिवार्य होगा। वहीं इलेक्शन कमीशन की ओर से जारी किया गया वोटर आईडी कार्ड भी मान्य हो सकता है, लेकिन इसपर अंतिम फैसला फिलहाल लिया जाना बाकी है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए पासपोर्ट नंबर पहले से ही अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें: एयर एशिया इंडिया के बेड़े में शामिल हुआ नया एयरक्राफ्ट, तीन नये रूट के लिए शुरू की उड़ान