महिला प्रताड़ना का आरोपी ससुर पटना से गिरफ्तार
शिकारपुर पुलिस ने महिला उत्पीड़न और शराब के धंधा मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अलग अलग मामले में इन अभियुक्तों की तलाश पुलिस को पिछले तीन चार महीनों से थी।
बेतिया। शिकारपुर पुलिस ने महिला उत्पीड़न और शराब के धंधा मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अलग अलग मामले में इन अभियुक्तों की तलाश पुलिस को पिछले तीन चार महीनों से थी। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला उत्पीड़न के मामले में एक अभियुक्त पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। जबकि दूसरा शराब के एक कांड में शामिल अभियुक्त शिकारपुर थाना के भसुरारी गांव से पकड़ा गया है। इन दोनों को जेल भेजा जा रहा है। बता दें कि नरकटियागंज हरदिया चौक समीप मोहल्ला अपने मायके रह रही शबनम प्रवीण नामक महिला ने दहेज प्रताड़ना का एक मामला यहां दर्ज कराया। दर्ज मामले में महिला के सास, ससुर, पति, देवर और ननद को नामजद किया गया। कांड के अनुसंधानक शाहीद अनवर ने पुलिस कर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए पटना के मसौढ़ी थाना अंतर्गत मालकाना मोहल्ला से महिला के ससुर मो अशफाक को गिरफ्तार कर लिया। बाकी अभियुक्त फरार रहे। महिला की शादी पांच छह वर्ष पूर्व मसौढ़ी में हुयी थी। उसे दो बच्चे भी हैं। ससुराल वाले दहेज में कार की मांग कर रहे थे। उधर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के आदेश पर जब्त शराब के मामले में फरार चल रहे भसुरारी गांव के अभियुक्त सुखलाल धांगड़ को छापामारी कर अनुसंधानक एसबी ठाकुर ने गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों अभियुक्तों को पुलिस जेल भेज दी है।