फर्जी स्वास्थ्य कर्मी की गिरफ्तारी का आदेश
फर्जी तरीके से सरकारी नौकरी करने वाले मधुबनी पीएचसी के पुरुष परिवार कल्याण कार्यकत्र्ता हरेन्द्र कुमार की गिरफ्तारी का आदेश बगहा एसपी आनंद कुमार सिंह ने जारी कर दिया है।
बगहा। फर्जी तरीके से सरकारी नौकरी करने वाले मधुबनी पीएचसी के पुरुष परिवार कल्याण कार्यकत्र्ता हरेन्द्र कुमार की गिरफ्तारी का आदेश बगहा एसपी आनंद कुमार सिंह ने जारी कर दिया है। विदित हो कि धनहा थाना क्षेत्र के मधुबनी पीएचसी में नालंदा जिले के हरेन्द्र प्रसाद ने बीते दो फरवरी को योगदान किया। बाद में उनके कागजातों की जांच विभाग ने कराई तो उनकी बहाली ही फर्जी मिली। तब जिला चिकित्सा पदाधिकारी बेतिया ने मधुबनी पीएचसी प्रभारी सुधांशु कुमार वर्मा को धनहा थाना में उपरोक्त कर्मचारी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराने का आदेश दिया। उक्त आदेश के आलोक में चिकित्सा पदाधिकारी मधुबनी ने बीते 8 मई को धनहा थाना में कांड संख्या 62/16 दर्ज कराते हुए पुरुष परिवार कल्याण कार्यकत्र्ता हरेन्द्र प्रसाद को नामजद किया गया है। पुलिस ने कांड दर्ज कर जांच शुरु की तो मामला सही पाया गया जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी का आदेश एसपी द्वारा जारी कर दिया है। इधर, सूत्रों की माने तो उक्त स्वास्थ्य कर्मी फिलहाल बेतिया एमजेके अस्पताल में नशा मुक्ति केंद्र में काम भी कर रहा है, लेकिन धनहा थाना पुलिस ने कभी भी उसकी गिरफ्तारी का प्रयास तक नहीं किया है।