मिली भूमि तो अस्पताल व स्टेशन पर भी बनेगा रैनबसेरा
बेतिया। अगर रेलवे तथा एमजेके अस्पताल प्रबंधन द्वारा नगर परिषद को भूमि उपलब्ध करा दी जाती है तो दोनों
बेतिया। अगर रेलवे तथा एमजेके अस्पताल प्रबंधन द्वारा नगर परिषद को भूमि उपलब्ध करा दी जाती है तो दोनों जगहों पर रैनबसेरा का बनना तय है। इसके लिए नगर परिषद तैयार है। साथ ही पहल भी आरंभ कर दी है। रैनबसेरा के निर्माण के लिए इन दोनों विभाग को जहां पर निर्माण कार्य कराना हो उस भूमि का खाता, खेसरा तथा भूमि का स्वामित्व प्रमाण पत्र भी अनिवार्य है। इसके साथ ही अनापति प्रमाण पत्र भी नगर परिषद को देना होगा। कागजात उपलब्ध कराये जाने के बाद इसे नगर परिषद की बैठक में शामिल कर पारित कर दिया जाएगा। साथ ही इसका डीपीआर तैयार कर पटना विभाग को भेज दिया जाएगा। स्वीकृति मिलते ही कार्य आरंभ हो जाएगा। इसके लिए नगर परिषद पूर्ण रुप से तैयार व सक्षम है। बता दें कि नगर में पूर्व से स्टेशन चौक पर रैनबसेरा का निर्माण किया गया है। साथ ही सौ बेड के रैनबसेरा का निर्माण कार्य बस स्टैंड में चल रहा है। अगर इन दोनों जगहों पर रैनबसेरा बन कर तैयार हो जाता है तो इससे गरीबों को काफी लाभ मिलेगा। इन दोनों जगहों पर रात में रिक्सा व तांगा चलाने वाले गरीब पहुंचा करते है। पर उन्हें आराम करने का स्थान नहीं मिलने के कारण वे रिक्सा व तांगा पर ही सो जाते है। जहां उन्हें न नींद ही सही ढंग से मिल पाती है न आराम ही मिल पाता है। जबकि इस दोनों कार्य में शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब ही शामिल है। जो कड़ी मेहनत के बाद भी आराम नहीं कर पाते है। उनके आराम का समय जमीन पर गमछा बिछा कर ही कटता है। अगर इन दोनों सार्वजनिक स्थलों पर नगर परिषद की पहल रंग लाई तो तय है कि गरीबों के लिए यह वरदान से कम नहीं होगा। कारण कि रैनबसेरा में खाने की भी व्यवस्था होगी। सोने के लिए बेड भी होगा। उस पर बिछावन भी होंगे। नहाने के लिए नल व बाल्टी की व्यवस्था होगी। हाथ धोने के लिए साबुन होगा। जबकि, हाथ सुखाने के लिए तौलियां भी होगी। वरना बरसात में भींगना, जाड़े में खुले में रहना तथा गर्मी में धूप में रहना तो इन गरीबों की विवशता तो है ही।
इनसेट बयान
नगर परिषद अस्पताल व स्टेशन पर रैनबसेरा बनाने के तैयार है। बस जमीन व अनापति प्रमाण पत्र चाहिए। फिर इसे बैठक में शामिल कर डीपीआर तैयार कर लिया जाएगा। साथ ही कार्य भी आरंभ हो जाएंगे।
डा. विपिन कुमार
कार्यपालक पदाधिकारी
नगर परिषद, बेतिया