कुर्की-जब्ती मामले में फरार वार्ड पार्षद गिरफ्तार
बगहा । नगर थाना पुलिस ने पिछले दो साल से मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे बगहा नगर परिषद के वार्ड
बगहा । नगर थाना पुलिस ने पिछले दो साल से मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे बगहा नगर परिषद के वार्ड संख्या 33 के वार्ड पार्षद परवेज आलम को रविवार की दोपहर थाना क्षेत्र के भथौड़ा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस निरीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष सतेंद्र राम ने बताया कि गिरफ्तार वार्ड पार्षद परवेज आलम पर हाजी अख्तर हुसैन ने मारपीट कर घायल कर देने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में कांड संख्या 328/14 दर्ज कराया था। जिसके बाद श्री हुसैन कई माह तक इलाजरत रहे। पुलिस द्वारा मामले की जांच में भी पाया गया कि घटना भूमि विवाद से जुड़ी है। उसके बाद से पुलिस ने वार्ड पार्षद को गिरफ्तार करने का कई बार प्रयास किया, लेकिन वे फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की कुर्की करने गई तो परिजनों ने उसका विरोध भी किया था। जिससे काफी बवेला भी मचा। इधर रविवार को पुलिस को जानकारी मिली कि फरार चल रहे वार्ड पार्षद थाना क्षेत्र के भथौड़ा गांव के पास देखा गया है। जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष श्री राम ने बताया कि गिरफ्तार वार्ड पार्षद पहले से भी एक अन्य मामले में फरार चल रहे थे। इस संबंध में न्यायालय से गैरजमानती वारंट निर्गत किया गया था।