कटाव रोधी कार्य चुनाव के बाद
बगहा (प.च.), संवाद सहयोगी : बगहा नगर परिषद क्षेत्र के चार वार्डो क्रमश: वार्ड संख्या 31, 32, 33 व 35 में कटाव निरोधी कार्य कराया जाएगा। बचाव कार्य चुनाव बाद शुरू होगा। इसके लिए जल संसाधन विभाग ने पूर्व में ही स्वीकृति प्रदान कर दी थी। चुनावी घोषणा होने के बाद आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। फलस्वरूप कार्य शुरू नहीं हो सका। बताते हैं कि सभी चार वार्डो में निवास करने वाली करीब 20 हजार की आबादी गंडक के कटाव से त्रस्त है। इस वार्ड के लोगों ने हाल ही में एक बैठक की थी। इस बैठक में अपनी समस्याओं को लेकर बार बार कार्यालयों का चक्कर लगाने के बावजूद कोई पहल नहीं होने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। लोगों ने एकजुट हो कर लोकसभा चुनाव में नोटा (नन ऑफ द एबाब) बटन दबाने का निर्णय लिया था। स्थानीय लोगों की घोषणाओं के बाद बगहा एसडीओ मो. मंजूर आलम ने मौके पर पहुंच स्थल जांच की। जांच के दौरान कटाव की भयावह स्थिति देख एसडीओ ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता से रिपोर्ट तलब की थी। एसडीओ मो. मंजूर आलम ने बताया कि यह जानकारी मिली है कि चारों वार्डो में कटाव निरोधी कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है। चुनाव के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने अपने पसंदीदा उम्मीदवार को मत देने का भरोसा दिलाया है। चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर कटाव निरोधी कार्य कराए जाएंगे।