दुल्हन के घर चली बरात, दबंगों ने रोककर कहा 'पांव छुओ' ...तो बढ़ गई बात
हाजीपुर में एक शादी के दौरान अजीब वाकया हुआ। दुल्हन के घर चली बरात को दबंगों ने रोककर पांव छूने को कहा। इसपर विवाद खड़ा हो गया।
वैशाली [जेएनएन]। शादी समारोह के दौरान बरातियों ने दबंगों के पैर नहीं छुए तो उनकी व दुल्हन पक्ष की जमकर पिटाई कर दी गई। घटना हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के करीमाबाद गांव में बीती रात हुई।
जानकारी के अनुसार करीमाबाद गांव के राम एकबाल रजक की पुत्री कुमारी चंचल की शादी में बरात महुआ थाना क्षेत्र के हरपुर ओस्ती गांव निवासी पुलिस रजक के यहां से आई हुई थी। दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचने के पहले ही बरात को गांव के कुछ दबंगों की टोली ने गांव के नंदकिशोर शर्मा के दरवाजे के निकट रोक लिया। दबंगों ने वर रंजीत कुमार समेत सभी बारातियों को नंदकिशोर शर्मा के पिता का पैर छूने को कहा।
बरात पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। इसके बाद दबंगों ने बरात को आगे बढऩे से रोक दिया। बरात रोके जाने की सूचना पर दुल्हन पक्ष के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने इस बात का विरोध किया। इसके बाद दबंग मारपीट पर उतर आए।
घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत होने पर सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद शादी संपन्न हुई।