गंभीर रूप से जली महिला, जूझ रही जीवन और मौत से
वैशाली। बिदुपुर थाने के खिलवत गांव में एक महिला अपने घर में जल गई। जख्मी महिला का इलाज बिदु
वैशाली। बिदुपुर थाने के खिलवत गांव में एक महिला अपने घर में जल गई। जख्मी महिला का इलाज बिदुपुर के एक निजी क्लीनिक में कराया गया। वहां से उसे घर ले जाया गया। जब उसकी स्थिति बिगड़ने लगी तो किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। बिदुपुर थाने की पुलिस ने जख्मी महिला को इलाज के लिए पीएचसी बिदुपुर लाया। गंभीर स्थिति देखते हुए पांच घंटे बाद उसे सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि महिला की स्थिति काफी नाजुक है और वह सदर अस्पताल में जीवन और मौत के बीच जूझ रही है। सूत्रों के अनुसार अशोक भगत की पत्नी लीला देवी संदिग्ध स्थिति में 19 फरवरी को अपने घर में जल गई थीं। घर वालों ने बिदुपुर के निजी क्लीनिक में मंगलवार 21 फरवरी शाम तक इलाज कराया। जब उसकी स्थिति बिगड़ने लगी तो किसी ने पुलिस को खबर कर दी। खबर पाकर थानाध्यक्ष ललन प्रसाद चौधरी स्वयं क्लीनिक पर आए और उक्त महिला को पीएचसी में भर्ती कराया।
घटना के संबंध में अलग-अलग जानकारी
बिदुपुर के थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला ने पुलिस को अपने बयान में बताया कि जब वह खाना बना रही थी कि अचानक उसके कपड़े में आग लग गई जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं ग्रामीण सूत्र बताते हैं कि घटना संदिग्ध है। जैसे तीन दिनों तक उसका चोरी-छिपे इलाज कराया गया। और पुलिस को सूचना नहीं दी गई, इससे मामला संदिग्ध लग रहा है।
मामले में जो तथ्य आए सामने
थानाध्यक्ष ने बताया कि गंभीर रूप से जली हुई महिला को पुलिस खुद उसके घर से मंगलवार 21 फरवरी को एंबुलेंस से अस्पताल लेकर आई। घर और अस्पताल में महिला का बयान लिया। इसके बाद रात्रि एक बजे उसे सदर भेजा गया। वहीं अस्पताल रिकॉर्ड के अनुसार उसे अस्पताल में मंगलवार की शाम 7.50 बजे एडमिट किया गया। गंभीर अवस्था में इलाजरत महिला के अब तक पुलिस को दिए गए बयान को ही तत्काल प्रशासन सही मानते हुए कार्रवाई कर रही है।