पति की हत्या, पत्नी व मायके वालों की पिटाई
जागरण संवाददाता, हाजीपुर पति की हत्या के साजिश के आरोप में सराय थाना के भोजपट्टी गांव में शनिवार
जागरण संवाददाता, हाजीपुर
पति की हत्या के साजिश के आरोप में सराय थाना के भोजपट्टी गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने पत्नी एवं उसके मायके वालों को मारपीट कर जख्मी कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि महिला ने अपने पति की हत्या साजिश के तहत कर दी है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची सराय थाना की पुलिस ने महिला एवं उसके घर वालों को अपनी अभिरक्षा में लिया। उन सभी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ा कर थाना लाया है। मृतक के परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इंकार कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सराय थाना क्षेत्र के भोजपट्टी गांव निवासी नवीन झा की तबियत खराब होने पर उसकी पत्नी प्रतिभा देवी इलाज के लिए हाजीपुर में एक निजी नर्सिग होम में भर्ती कराई थी। इलाज के क्रम में उसके पति की मौत हो गयी। प्रतिभा देवी अपने पति का शव लेकर ससुराल पहुंची। नवीन का शव देखकर घर व पड़ोस के लोग उग्र हो गए। महिला पर ही साजिश के तहत पति की हत्या करने का आरोप लगाया। महिला के साथ शव लेकर पहुंचे उसके मायके वालों की भी उन लोगों ने पिटाई करनी शुरु कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर उन लोगों को बचाया। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मृतक पेशे से निजी शिक्षक था। पत्नी के साथ उसका संबंध अच्छा नहीं था। बाद में घर के लोगों ने इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज कराने से इंकार कर दिया। मृतक के पिता कामेश्वर झा ने पुलिस को लिखित रूप से कहा है कि उसके पुत्र की मौत बीमारी से हुयी है।