जंदाहा में छात्र को गोली मारकर किया घायल
संवाद सूत्र, जंदाहा : जंदाहा के समता कालेज में शुक्रवार की दोपहर एक युवक ने कालेज के एक युवक को गोली
संवाद सूत्र, जंदाहा : जंदाहा के समता कालेज में शुक्रवार की दोपहर एक युवक ने कालेज के एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पीछा करने वालों पर भी उसने फायरिंग की। लोगों से बचने के लिए युवक और उसके साथी ने पिस्तौल के बल पर एक व्यक्ति की बाइक लूट फरार हो गया। गोली लगने से जख्मी छात्र का इलाज स्थानीय एक निजी नर्सिग होम में चल रहा है। जख्मी अरनिया निवासी कामेश्वर राय का पुत्र बबलू कुमार बताया गया है। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मंगलवार को कालेज में स्नातक प्रथम खंड के प्रायोगिक परीक्षा के दौरान बबलू के साथ उक्त युवक की नोकझोंक हुई थी। उसी घटना को लेकर प्रतिशोध में बुधवार को युवक ने गोलीबारी की। बताया जाता है कि दोनों ही युवक परीक्षा दे रहे थे। इस बात का अभी खुलासा नहीं हो पाया है कि वे दोनों युवक स्वयं परीक्षा दे रहे थे या फिर वे किसी दूसरे के बदले परीक्षा दे रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोली चलाकर कालेज परिसर से भाग रहे दोनों युवकों को छात्र एवं स्थानीय लोगों ने पीछा करने पर एक टेम्पो पर सवार हो गया। टेम्पो से ही पीछा कर रहे लोगों पर हवाई फायरिंग करनी शुरु कर दी। चांदसराय में वह टेंपो से उतरकर डीह बुचौली की ओर जाने वाली सड़क पर पैदल भागने लगा। लोग उसे खदेड़ते वहां तक आ पहुंचे थे। इस दौरान दहशत फैलाने के लिए उसने दूसरी फायरिंग की। लोगों की भीड़ को अपनी ओर लपकते देख कर उन दोनों ने डीह बुचौली निवासी शंकर महतो को पिस्तौल का भय दिखा उनकी मोटरसाइकिल छीन ली। उस पर सवार होकर वे दोनों उत्तर दिशा की ओर भाग निकाले। घटना की सूचना मिलते ही जंदाहा थानाध्यक्ष विजेन्द्र कुमार सिंह पुलिस जवानों के साथ उन दोनों युवकों की गिरफ्तारी में जुट गए हैं। घटना की सूचना महुआ के एसडीपीओ प्रीतीश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। इस मामले में पूछे जाने पर प्राचार्य डा. विश्वामित्र कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जख्मी बबलू ने भी हमलावर के विषय में कुछ खास नहीं बता पाया है। उसने पुलिस को बताया कि हमलावर दोनों युवकों का नाम उसे नहीं मालूम। देखकर उन दोनों को वह पहचान सकता है।