लालगंज को अनुमंडल बनाने की मांग हुई तेज
संवाद सूत्र, लालगंज : लालगंज को अनुमंडल बनाने समेत कई अन्य मांगों को लेकर नौजवान भारत सभा के कार्यकर
संवाद सूत्र, लालगंज : लालगंज को अनुमंडल बनाने समेत कई अन्य मांगों को लेकर नौजवान भारत सभा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को लालगंज प्रखण्ड कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान वर्करों ने प्रदर्शन कर मांगों के समर्थन में जमकर आवाज बुलंद की।
सैकड़ों की संख्या में नौजवान भारत सभा के कार्यकर्ता गंडक प्रोजेक्ट के मैदान में जुटे। वहां से जुलूस निकाला गया। जो तीनपुलवा चौक, शुक्ला मार्केट, गांधी चौक, थाना रोड होते हुए प्रखण्ड कार्यालय पहुंचा। वहां पहुंचकर सभी धरना पर बैठ गए। मौके पर सभा आयोजित की गई। धरना सभा को संबोधित करते हुए सभा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश पासवान, वीर बहादुर शास्त्री, भाजपा के संजीव कुमार आदि ने कहा कि लालगंज अनुमंडल बनाए जाने की सभी शर्तो को पूरा करता है। यहां बिहार की तीसरी नगरपालिका है। नेताओं के पैंतरों के कारण यह आज तक लालगंज अनुमंडल नहीं बन सका। जबकि इसके वर्षो बाद बनी नगरपालिका जिला व नगर निगम तक बन गए। लालगंज को पटना से जोड़ने एवं बारबे घाट पर पुल निर्माण का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। लेकिन आज तक यहां एक ईट भी नहीं जोड़ा गया। हाजीपुर-सुगौल रेल पथ निर्माण की गति भी काफी सुस्त है। राज्यपाल के नाम संबंधित मांगों का ज्ञापन प्रखण्ड कार्यालय को सौंपा गया। धरना-प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक के विरूद्ध नारे लगाए।