निर्माणाधीन पैक्स गोदाम की छत धराशाई
संवाद सहयोगी, महनार
महनार प्रखंड के पहाड़पुर बिशनपुर पैक्स में निर्मित हो रहे पैक्स के गोदाम की छत भरभरा कर गिर पड़ी। गोदाम की छत गिरने से निर्माण की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। वहीं हद तो यह है कि घटना के 24 घंटे बाद भी इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को नहीं है।
जानकारी के अनुसार पहाड़पुर-विशनपुर पैक्स में लगभग 5 लाख 75 हजार की लागत से गोदाम का निर्माण किया जा रहा था। शनिवार के दिन नवनिर्मित गोदाम की छत की ढ़लाई का काम हुआ और ढ़ालने के कुछ ही घंटों बाद पूरी छत भरभरा कर गिर गई। अचानक हुई इस घटना से कुछ लोगों को चोट लगते-लगते बची। नवनिर्मित गोदाम की छत के गिरने की घटना पर लोगों का कहना है कि निर्माण की गुणवत्ता ठीक न रहने के कारण ऐसा हुआ है। छत गिरने के कारण गोदाम की दीवार भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। इस संबंध में पूछे जाने पर जिला सहकारिता पदाधिकारी ने कहा कि इंजीनियर से इसकी जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई होगी। महनार एसडीओ हेमंत कुमार सिंह ने कहा कि वह स्वयं इस मामले को देखेंगे और जांच के बाद दोषी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करेंगे। अभी तक इन दोनों अधिकारियों को घटना की जानकारी ही नहीं थी।