दिल्ली को झटका देगा महागठबंधन : शरद
जागरण संवाददाता, हाजीपुर
जदयू, राजद एवं कांग्रेस की एकता बिहार व देश की राजनीति में नया अध्याय जोड़ेगी। महागठबंधन दिल्ली सरकार को करंट का झटका देगी। वोटों के बिखराव के कारण केंद्र में एनडीए की सरकार बन गयी। 70 फीसद वोट वाले सड़क पर हैं और 30 फीसद वोट वाले राज कर रहे हैं। बिहार में महागठबंधन की नींव रखी गयी है अब पूरे देश में एकता का प्रयास होगा। इंदिरा गांधी ने कहकर देश में इमरजेंसी लगायी थी पर मोदी सरकार का जो रवैया है, बगैर कहे इमरजेंसी लगा देगी।
जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने मंगलवार को हाजीपुर के संस्कृत महाविद्यालय परिसर में चुनावी सभा में उक्त बातें कही। शरद ने धर्मनिरपेक्ष वोटों के बिखराव को मुख्य कारण बताते हुए कहा वोट बंटने का लाभ बीजेपी को मिल गया। अगर जेपी, लोहिया, कर्पूरी एवं चौधरी चरण सिंह की विरासत को बचाकर एकजुट रहते तो आज यह हालात नहीं होता।
बीजेपी और आरएस को निशाने पर लेते हुए शरद ने कहा महागठबंधन की नींव काफी पहले रख दी गयी थी। आरजेडी एवं कांग्रेस ने समर्थन देकर महादलित जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाने में मदद की। उसके बाद राज्यसभा चुनाव में साथ दिया। आरजेडी ने समझदारी से काम किया। यह पहल अब यहीं पर नहीं ठहरेगा। शरद ने कहा कि हम लोगों की किताब एवं विचार में कोई अंतर नहीं है। हमारी सरकार में समाज का हर चेहरा दिखेगा। हम टूट गए थे इसलिए बिखर गए। अब इंसाफ की लड़ाई निरंतर चलेगी। हमें इस राह में हार-जीत की चिंता नहीं है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि उपचुनाव परिणाम से सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बड़ा मुद्दा यह है कि हमने महागठबंधन बनाया। खतरे को समझा। लोकसभा में बहुत बड़ा हादसा हुआ। झूठा प्रचार करके, भ्रम फैलाकर भाजपा के लोगों ने वोट हासिल किया।
उन्होंने कहा नीतीश जी के राज में विकास हुआ। विकास की देश-दुनिया में चर्चा हुयी। लालू ने गरीबों को जुबान दी। कांग्रेस की अहम भूमिका आजादी में रही है। आज सभी मिल गए हैं। इनके नेतृत्व में सारी ताकतों को एक करके चलेंगे। इस मौके पर शिक्षा मंत्री वृश्णि पटेल,ऊर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव, हाजीपुर से जदयू के प्रत्याशी राजेंद्र राय समेत कई नेता उपस्थित थे।