हाजीपुर में जली महिला की नर्सिग होम में मौत
जागरण संवाददाता, हाजीपुर
नगर थाना क्षेत्र के मड़ई रोड स्थित आदर्श हास्पीटल एंड रिसर्च सेंटर में नगर थाना की पुलिस ने एक महिला का जला हुआ शव बरामद किया है। गंभीर रुप से झुलसी महिला को उसके ससुराल वालों ने हास्पीटल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान ही महिला की मौत हो गयी। नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया है कि उसके पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जिला के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मापुरा गांव निवासी रामकिशोर सिंह अपनी पुत्री लकी कुमारी की शादी इसी वर्ष 19 फरवरी को जंदाहा थाना क्षेत्र के खोंपी गांव निवासी हरेन्द्र सिंह के पुत्र टुनटुन सिंह के साथ की थी। गंभीर रुप से जली उक्त महिला को मंगलवार की सुबह आदर्श हास्पीटल में इलाज के लिए लाया गया था। इलाज के दौरान ही महिला की मौत हो गयी। महिला की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर हास्पीटल पहुंचे मृतका के नजदीकी ने पुलिस को हादसे की खबर दी। उसने मृतका की मौत के लिए उसके ससुराल वालों को जिम्मेवार ठहराया। ससुराल वालों द्वारा ही विवाहिता की हत्या कर देने का आरोप लगाया। नगर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हास्पीटल में मौजूद मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस विवाहिता के मायके वालों को घटित घटना की सूचना दिया है। देर रात तक महिला का शव हास्पीटल में ही पड़ा रहा। पुलिस उन लोगों के आने का इंतजार कर रही है। खबर लिखे जाने तक इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी थी।