डोली धरती, कांप उठा सुपौल, तीन की गई जान, दर्जनों घायल
सुपौल, जागरण संवाददाता: हमेशा से आपदा झेलते कोसी की धरती एक बार फिर कांप उठी। भूकंप के डेंजर जोन में
सुपौल, जागरण संवाददाता: हमेशा से आपदा झेलते कोसी की धरती एक बार फिर कांप उठी। भूकंप के डेंजर जोन में शामिल सुपौल में शनिवार को भूकंप के झटके ने अफरा-तफरी मचा दी। जो जहां थे वहीं से भागने लगे। भूकंप का पहला झटका 11 बजकर 41 मिनट पर महसूस किया गया। जब धरती डोल उठी। लगभग दो मिनट तक आये इस झटके की तीव्रता आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार 7 आंकी गई। भूकंप में सुपौल जेल की लगभग पचास फीट की दूरी में दीवार गिर गई। लेकिन जिलाधिकारी एलपी चौहान ने बताया कि दीवार गिरने से जानमाल का कोई नुकसान नहीं है, सभी कैदी सुरक्षित हैं। अन्य जगहों से भी दीवार गिरने की सूचना प्राप्त हुई है। ईट भट्ठा की चिमनियां धराशायी हो गई। जिसमें सुखपुर सोल्हनी स्थित जीएच ब्रिक्स, लाउढ़ पंचायत स्थित एलबीसी ब्रिक्स का चिमनी जमीन पर आ गिरा। लेकिन जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। सदमे से जहां तीन लोगों की मौत हो गई वहीं भागमभाग में दर्जनों लोग घायल हो गये। भूकंप में सुपौल नगर परिषद क्षेत्र स्थित पचास वर्षीय बुलो मंडल के सदमे से मौत की सूचना प्राप्त हुई है जबकि त्रिवेणीगंज के बभनगामा में एक पचास वर्षीय महिला रेखा देवी की भी मौत हो गई। सदर प्रखंड के बैरो गांव के देवनारायण बढ़ई की भी मौत सदमे से हो गई। सुपौल अनुमंडल पदाधिकारी विमल कुमार मंडल एवं त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पदाधिकारी डा.मनोज कुमार झा ने बताया कि मौत की सूचना प्राप्त हुई है पोस्टमार्टम के बाद सारी स्थिति स्पष्ट हो जायेगी। भूकंप का दूसरा झटका 12 बजकर 15 मिनट में, तीसरा झटका 1 बजकर 45 मिनट में और चौथा झटका 2 बजकर 46 मिनट में महसूस किया गया। लेकिन बीच में भी कंपन महसूस किये गये। दिनभर अफरा-तफरी मची रही।