पिपरा में लगी आग कई घर खाक
कटैया-निर्मली(सुपौल),संवाद सूत्र:पिपरा प्रखंड स्थित पथरा उत्तर पंचायत स्थित जोल्हनियां वार्ड नंबर 4
कटैया-निर्मली(सुपौल),संवाद सूत्र:पिपरा प्रखंड स्थित पथरा उत्तर पंचायत स्थित जोल्हनियां वार्ड नंबर 4 में शुक्रवार की रात हुई भीषण अग्निकांड में लगभग एक दर्जन घर जल कर राख हो गया। घटना में कई मवेशी भी काल के गाल में समा गए। वहीं आग बुझाने में कुछ लोग भी जख्मी हो गए। ऐसी घटना से पीड़ित परिजनों का आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहा है। जानकारी अनुसार शुक्रवार की रात्रि में अचानक आग लग गई। जिसमें आशा देवी, गुलाय साह, द्रोपदी देवी, सुमित्रा देवी, श्याम सुन्दर मंडल, चंदा कुमारी का घर सहित अनाज, वस्त्र, फर्नीचर, मवेशी सहित लाखों की संपत्ति जल कर खाक हो गया। आग जब लगी तभी सभी लोग अपने-अपने घर में साए हुए थे। जब तक लोग को मालूम पड़ता तब तक आग की लपटे घर पर बहुत तेज हो गई थी। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी हद तक आग पर काबू पाया गया। बाद में दमकल गाड़ी भी पहुंची, तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। सूचना पर पिपरा प्रखंड से पहुंचे राजस्व कर्मचारी राजेन्द्र साह ने जायजा लिया। मौके पर प्रमुख डोमी पासवान, मुखिया हेम नारायण मंडल, सरपंच शिव शंकर पहुंच कर पीड़ित परिजनों से मिले और ढाढस बंधाया।