दहेज को लेकर विवाहिता को जला कर मार डाला
संसू, महाराजगंज (सिवान) : थाना क्षेत्र के बलिया पोखरा मठिया गाव में दहेज के लिए ससुराल वालों ने ब
संसू, महाराजगंज (सिवान) :
थाना क्षेत्र के बलिया पोखरा मठिया गाव में दहेज के लिए ससुराल वालों ने बहू को जला कर मार डाला। घटना पुरानी है लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि गोपालगंज जिले के थावे शिव स्थान निवासी रामेश्वर गिरि की पुत्री मधु की शादी महाराजगंज थाने के बलिया पोखरा मठिया गाव के ललन भारती के पुत्र शंभू भारती से 14 मई 2012 को हुई थी। मधु के भाई राजू भारती ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कहा है कि शादी के एक माह बाद से ही उसकी बहन को ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। उसकी बार-बार शिकायत करने पर मायके वालों ने ससुराल पहुंच कर पंचायती भी कराई। लेकिन गत 1 मई को ससुराल वालों ने मधु के शरीर पर केरोसिन छिड़ककर जला दिया। अधजली अवस्था में बेहतर इलाज हेतु पीएमसीएच ले जाया गया जहां 8 मई को इलाज के क्रम में उसकी मृत्यु हो गई। प्राथमिकी में मधु के पति शंभू भारती, ससुर ललन भारती, सास हिरा देवी, ननद करिश्मा कुमारी व ज्योति कुमारी को अभियुक्त बनाया गया है। थानाध्यक्ष कुमार रंजनीकात ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।