छावनी में तब्दील रहा अस्पताल परिसर
जासं, सिवान : अस्पताल में तोड़फोड़ व आगजनी के बाद प्रभारी जिलाधिकारी सह डीडीसी रविकांत तिवारी और अनुमं
जासं, सिवान : अस्पताल में तोड़फोड़ व आगजनी के बाद प्रभारी जिलाधिकारी सह डीडीसी रविकांत तिवारी और अनुमंडलाधिकारी दुर्गेश कुमार जहां घटनास्थल पर मौजूद रहे वहीं एसपी विकास वर्मन के निर्देश पर एएसपी अशोक कुमार सिंह भी अपने अधीनस्थ अधिकारियों संग वहां मुस्तैद रहे। ये अधिकारी घटनास्थल पर हंगामा करने वालों से वार्ता करने के साथ स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश में भी रहे। थोड़ी देर के लिए पुलिस अधीक्षक विकास वर्मन भी वहां पहुंचे। विधि व्यवस्था के संचालन के लिए प्रभारी जिलाधिकारी रविकांत तिवारी के साथ जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवेन्द्र कुमार दर्द, नप के कार्यपालक पदाधिकारी आरके लाल, उप समाहर्ता रामानुज, सदर बीडीओ मीनू कुमारी, सीओ रामसकल राम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
जनप्रतिनिधियों की एक न सुनी
बवाल, तोड़फोड़ व आगजनी की सूचना पर विभिन्न दलों के नेता अस्पताल पहुंच गए। पूर्व विधायक अमरनाथ यादव, माले के सचिव इन्द्रजीत चौरसिया, लोजपा के प्रदेश महासचिव मुजफ्फर इमाम, लोजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह, पचरूखी के प्रखंड प्रमुख महादेव पासवान, जदयू नेता श्रीनिवास यादव, सत्येन्द्र मिश्र, मुखिया सुमन यादव, अन्नू चौबे, संजीव प्रकाश सहित आप के कई नेता वहां पहुंचे। सबने भीड़ को अपने स्तर से समझाने का प्रयास किया परंतु भीड़ उनकी बात अनसुनी कर उन्हें वहां से चले जाने को कहती रही।
पथराव में एएसपी सहित आधा दर्ज पुलिस कर्मी घायल
बवाल व आगजनी के बाद भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने लाठी भांजी तो लोगों ने पथराव किया। इसमें एएसपी अशोक कुमार सिंह का पैर चोटिल हुआ। नगर थाने के एसआई बीके तिवारी के माथे पर पथ्तर लगने से खून निकलने लगा। एक सिपाही के चेहरे पर भी चोटें आई हैं। बताया गया है कि पथराव में कई लोगों को भी चोटें आर्ई। उधर पुलिस ने लाठी भांजी तो आइसा के जयशंकर सहित कई को चोटें आईं।