सिवान-भटनी के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन 24 से
जागरण संवाददाता, सिवान : एक दशक से इलेक्ट्रिक ट्रेन की राह देख रहे जिलेवासियों के लिए अब वह समय आ गय
जागरण संवाददाता, सिवान : एक दशक से इलेक्ट्रिक ट्रेन की राह देख रहे जिलेवासियों के लिए अब वह समय आ गया है जब उनके जंक्शन से इलेक्ट्रिक ट्रेन रवाना होंगी और वे उस पर सवार होकर यात्रा कर सकेंगे। आगामी 24 दिसंबर को रेल राज्य मंत्री सह गाजीपुर के सांसद मनोज कुमार सिन्हा सिवान से भटनी के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। पहले मालगाड़ी को दौड़ाया जाएगा। इसके बाद सिवान से भटनी के लिए पैसेंजर ट्रेन को चलाया जाएगा। इसके साथ ही 24 दिसंबर सिवान जिले के इतिहास के पन्नों में अंकित हो जाएगा। रेल राज्य मंत्री के आगमन से पूर्व सिवान जंक्शन को सजाने संवारने का कार्य जोरो पर शुरू कर दिया गया है। रोज एक अधिकारी जंक्शन पर पहुंच रहे हैं और जंक्शन की निगरानी कर रहे हैं। इस सिलसिले में शुक्रवार को एडीआरएम मनोज कुमार सिन्हा सिवान जंक्शन पहुंचे। उन्होंने जंक्शन पहुंच कर मुआयना किया। इस दौरान उनके साथ कई अधिकारी मौजूद थे। एडीआरएम लिच्छवी एक्सप्रेस से सिवान जंक्शन पर पहुंचे और यहां पहुंचते ही उन्होंने रेलराज्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए सभा स्थल का चयन शुरू कर दिया। इस दौरान स्थल को एक नंबर और चार नंबर प्लेटफार्म के बीच स्टेज बनाने का निर्णय लिया गया जहां रेल राज्य मंत्री आम सभा को संबोधित भी करेंगे। उधर जंक्शन को दुल्हन की तरह सजाने का कार्य जोरो पर है। स्टेशन पर रंगाई पोताई का कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। टिकटों के सभी काउंटरों को रोजाना खोला जा रहा है जिससे यात्रियों को अब टिकट मिलने में भी कोई परेशानी नहीं हो रही है। बताते चले कि मुख्य संरक्षा आयुक्त ने विद्युतीकरण के लिए दो बार सिवान जंक्शन का मुआयना किया था। जिसके बाद सिवान भटनी के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन को दौड़ानें की हरी झंडी दी गई।