पैक्स चुनाव विवाद को ले बकझक, हवाई फायरिंग
जासं, सिवान : सदर प्रखंड के सरावें पैक्स चुनाव का परिणाम आने के बाद जीते व हारे प्रत्याशियों में बकझ
जासं, सिवान : सदर प्रखंड के सरावें पैक्स चुनाव का परिणाम आने के बाद जीते व हारे प्रत्याशियों में बकझक और इसे लेकर हवाई फायरिंग की खबरें हैं। घटना को लेकर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है।
बताया गया है कि जफरा निवासी अजय सिंह चुनाव जीतने के बाद जश्न मनाते हुए गांव पहुंचे। जहां हारे हुए प्रत्याशी से उनकी बकझक हो गई। पराजित प्रत्याशी सीताराम प्रसाद मुखिया समर्थक माने जाते हैं। मुखिया की उपस्थिति में हुए विवाद से माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान दोनों ओर से हवाई फायरिंग की गई। सूचना पाते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को काफी देर समझाने व बुझाने के बाद ममला शांत हुआ।
बताते चलें कि सोमवार को हुई मतगणना में अजय सिंह ने सीताराम को काफी कम मतों के अंदर से मात दे दी। हार-जीत का फैसला आने के बाद दोनों अपने-अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंचे थे। मंगलवार की सुबह दोनों ओर से लिखित आवेदन मुफस्सिल थाने में दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने बताया कि आवेदन मिला है। पूर्व से ही दोनों पक्षों में विवाद चला आ रहा है। दोनों के आर्म्स लाइसेंस निलंबित करने के लिए वरीय अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।