जिले के सात प्रखंडों में आज होंगे पैक्स चुनाव
जांस, सिवान : जिले में पिछले दस दिनों से दिनरात मेहनत कर रहे विभिन्न पदों के उम्मीदवारों के भाग्य का
जांस, सिवान : जिले में पिछले दस दिनों से दिनरात मेहनत कर रहे विभिन्न पदों के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज मतपेटी में बंद हो जाएगा। जिले के सात प्रखंडों में आज पैक्स चुनाव संपन्न होगा। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व सफलतापूर्वक कराने के लिए प्रशासनिक सारी तैयारी पूरी कर ली गई। इसके लिए प्रत्येक प्रखंड में एक जोनल व दो सुपर जोनल पदाधिकारी को लगाया गया है। वहीं भयमुक्त चुनाव कराने के लिए प्रत्येक केन्द्र पर दंडाधिकारी के अलावा पांच पंचायतों पर एक सेक्टर दंडाधिकार की तैनाती की गई है। सात प्रखंडों में बने करीब 276 बूथों पर करीब दो लाख मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।
आज होने वाले पैक्स चुनाव को ले सिवान सदर प्रखंड में 65, बड़हरिया 59 बूथों पर , पचरुखी में 45, सिसवन में 23, हुसैनगंज में 22, रघुनाथपुर में 38 व हसनुपरा में 24 बूथ बनाया गया है। प्रखंड के पांच पंचायत को सेक्टर में बांट कर बीडीओ की तैनाती की गई है। वहीं जोनल आफिसर के रुप में सीनियर पदाधिकारियों को लगाया गया है। 19 अक्टूबर को होने वाले चुनाव को ले जिला प्रशासन ने बड़हरिया, पचरुखी, सिसवन, हसनपुरा व हुसैनगंज के सभी बूथों को संवेदनशील घोषित कर दिया है। यहां पर सुरक्षा का व्यापक इंतजाम है। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक निर्धारित किया गया है।
मुख्यालय को बनाया गया बज्रगृह, सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम
पैक्स चुनाव को ले सिवान सदर सहित सात प्रखंडों में मतदान होने जा रहा है। मतदान के बाद मतपेटिका को बजगृह में रखा जाएगा। जहां 20 अक्टूबर को उसकी गिनती होगी। मतदान के बाद मतपेटिका को प्रखंड मुख्यालय में ही बने बज्रगृह में रखा जाएगा। जिसकी सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया गया है।