कचहरी सचिव संघ ने मांगा मानदेय
जासं, सिवान: बिहार राज्य ग्राम कचहरी सचिव संघ की जिला बैठक गुरुवार को गांधी मैदान में जिलाध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें मानदेय बढ़ाने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि वर्ष 2007 में ग्राम कचहरी में दो हजार के मानदेय पर किया गया। इसके बाद कभी भी मानदेय में बढ़ोत्तरी नहीं की गई। वर्तमान में भी दो हजार रुपये ही मिल रहा है जिससे इस महंगाई में परिवार का भरण-पोषण नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर संघ के लोग पंचायती राज्य मंत्री से मिले। उन्होंने आश्वासन दिया कि सितंबर माह में उन्हें सम्मानजनक मानदेय मिलेगा। अगर हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो बाध्य होकर संघ के लोग भूख हड़ताल व आत्मदाह कर सकते हैं। इस मौके पर चंद्रमा पांडेय, केशव नाथ साह, रंजू तिवारी, शिवजी सिंह, जयराम, अब्बास, धर्मेन्द्र कुमार, मनन कुमार, प्रतिमा कुमारी, कैलाश साह, राजकुमार यादव आदि लोग उपस्थित रहे।