तीन दर्जन से ज्यादा लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई
संसू, बड़हरिया (सिवान) : थाना क्षेत्र में सात सितम्बर के विवाद एवं दुर्गा पूजा, बकरीद को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने तीन दर्जन से ज्यादा लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की है। निरोधात्मक कार्रवाई में असामाजिक तत्वों से कहीं ज्यादा सामाजिक लोगों पर कार्रवाई होने से पुलिस के प्रति लोगों में आक्रोश व्याप्त है। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि समाज में शांति व्यवस्था कायम रखने वाले न्यायप्रिय व्यक्ति को ही शांति भंग करने के लिए आरोपित पुलिस कर रही है। स्थानीय पुलिस समाज में शांति बनाये रखने के नाम पर समाजसेवियों पर कार्रवाई कर असामाजिक तत्वों को बढ़ावा दे रही है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी एवं आरक्षी अधीक्षक से ऐसी कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर असामाजिक तत्वों पर ही कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष दयाशंकर प्रसाद ने कहा कि पूर्व की गतिविधियों एवं गुप्त सूचनाओं एवं खुले जांच के बाद ही निरोधात्मक कार्रवाई की गयी है। उन्होंने कहा कि हर हाल में शांति व्यवस्था बनाये रखने को ले पुलिस प्रयासरत है।