अगर नहीं पकड़ा जाता लुल्हा तो लूट लेता पेट्रोल पम्प
संसू, भगवानपुर (सिवान) : मुठभेड़ के बाद रविवार को चकमुंदा गांव से पुलिस के हत्थे चढ़ा लुल्हा एक पेट्रोल पम्प पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाला था। लूट की योजना बनाने के लिए ही वह साथियों के साथ जुटा था कि पुलिस की छापेमारी हो गई और वह पकड़ा गया।
लुल्हा की गिरफ्तारी आसान नहीं रही। हथियार व साथियों के साथ जुटे लुल्हा ने पुलिस को देखते ही हमला बोल दिया। उसने थानाध्यक्ष को निशाना बनाकर बम फेंका था। गनीमत रही कि वह फटा नहीं अन्यथा थानाध्यक्ष की जान जा सकती थी।
पुलिस को भी अपराधियों से इस हमले की उम्मीद नहीं थी। हालांकि पुलिस चौकस थी और हमले के तुंरत बाद पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद ने सैप के जवानों के साथ जवाबी फायरिंग की। पुलिस को भारी पड़ता देख अपराधियों के पांव उखड़ गये और वे भागने लगे।
लुल्हा के साथी बनियापुर थाना के सिसई का इमामुद्दीन, बनकट का प्रदीप मांझी व नागेन्द्र मांझी, सरारी का राजू दुबे, जामो थाना क्षेत्र के रामपुर चिथई का छोटेलाल साह निकल भागने में कामयाब रहे। लुल्हा थानाध्यक्ष के निशाने पर था जिसे उन्होंने धर दबोचा।
लुल्हा ने पूछताछ में बताया कि वह विमल चौक स्थित पेट्रोल पम्प लूटने की योजना बना रहा था। लुल्हा को सोमवार को सिवान जेल भेज दिया गया तथा उसके एवं अन्य साथियों के विरुद्ध पम्प लूटने की योजना बनाने तथा थानाध्यक्ष पर बम व गोलियों से जानलेवा हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की गयी है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।