मुठभेड़ के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात लूल्हा
जेएनएन, सिवान (सिवान) : थाना क्षेत्र के चकमुंडा गांव के पास किसी बडे़ अपराध की योजना बना रहे अपराधियों को पकड़ने पहुंची भगवानपुर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। अपराधियों ने पुलिस दल पर बम से हमला कर दिया। हमले में थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद बाल बाल बच गये। इसके बाद थानाध्यक्ष व सैप के जवानों ने अपराधियों का एक किलोमीटर तक पीछा किया और अंतरजिला कुख्यात अपराधी छपरा के जनता बाजार थाना के सिसई निवासी शैलेन्द्र प्रसाद उर्फ साधु उर्फ लुल्हा जो जनता बाजार थाना क्षेत्र सिसई निवासी है को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लूल्हा के पास से दो पाइप गन, एक सिक्सर, पांच जिंदा गोली और एक जिंदा बम बरामद किया गया। थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद ने बताया कि मुठभेड़ में पुलिस को भी आठ राउंड गोली चलानी पड़ी। लूल्हा की तलाश सिवान, गोपालगंज व सारण जिले की पुलिस को थी। लुल्हा पर हत्या, लूट, डकैती, अपहरण जैसे संगीन अपराध तीनों जिले के कई थानों में दर्ज है।
एसपी विकास वर्मन ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भगवानुपर थाने के चकमुंडा गांव के प्रदीप मांझी की ताड़ी दुकान में कुख्यात अपराधी जुटे हैं। इसके बाद भगवानपुर थाने की पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कुख्यात लूल्हा ने पुलिस दल को देखते ही बम से हमला कर दिया। गनीमत रही कि बम फटा नहीं। पुलिस कप्तान श्री वर्मन ने बताया कि अपराधी लूल्हा पर सिवान के भगवानपुर, महाराजगंज व सारण के बनियापुर व जनता बाजार थाने में मामले दर्ज है। उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। लूल्हा के पास से एक मोबाइल भी बरामद किया है। मोबाइल से लूल्हा के सहयोगियों के नाम व कई सुराग मिलने की उम्मीद है। पूछताछ में गिरफ्तार लुल्हा ने वर्ष 2013 में सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के हंसराजपुर में बैंक से सवा करोड़ लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।