बेटी ने मां पर लगाया बेचने का आरोप
जागरण संवाददाता, सिवान : महिला थाना में एक नाबालिग लड़की ने अपनी मां पर ही उसे दूसरों के हाथ बेचने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। इस मामले में महिला थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धनौती ओपी क्षेत्र के निवासी ने बेटी की शादी लक्ष्मीपुर निवासी अनिल के साथ तय की थी। यह शादी नाजायज तरीके से हो रही थी। जिसके बाद लड़की ने महिला थाना पहुंच कर इस बात की जानकारी दी। लड़की ने अपने बयान में बताया कि उसकी मां ने लक्ष्मीपुर निवासी अनिल भगत से उसकी शादी तय कर दी थी। जिसका वह विरोध कर रही थी। लेकिन कुछ रुपयों की खातिर उसकी मां ने उसका सौदा कर डाला। इस मामले में लड़के के मामा राजेन्द्र भगत, अगुवा राघो भगत सहित अनिल को नामजद किया गया है। जिसमें अनिल तथा राघो की गिरफ्तारी हो चुकी है। इन सभी पर 372, 373, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।