जर्जर सड़क पर जलजमाव से आवागमन में परेशानी
परिहार - भिसवा पथ में जर्जर सड़क के कारण लोग परेशान हैं। ब्लॉक के ठीक सामने से लेकर सोनापट्टी तक इस पथ में बड़े - बड़े गड्ढे बन गए हैं।
सीतामढ़ी। परिहार - भिसवा पथ में जर्जर सड़क के कारण लोग परेशान हैं। ब्लॉक के ठीक सामने से लेकर सोनापट्टी तक इस पथ में बड़े - बड़े गड्ढे बन गए हैं। हल्की बारिश में इनमें पानी भर जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलजमाव के कारण यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेषकर बाइक सवारों को बेहद सावधानी बरतनी पड़ती है। सड़क पर पानी भरे रहने के कारण पैदल यात्रियों को भी फजीहत का सामना करना पड़ता है। वहीं इस सड़क किनारे के दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित होता है। ब्लॉक गेट के ठीक सामने होने के बावजूद कोई अधिकारी या राजनेता का ध्यान इस समस्या की ओर नहीं जा सका है। परिणामस्वरूप लोग वर्षों से इस समस्या से जूझने को विवश हैं। यहां बता दें कि इस पथ में बराबर छोटी - बड़ी वाहनों का आना - जाना लगा रहता है। वहीं प्रखंड मुख्यालय होने के कारण पैदल राहगीरों की भी अधिकता रहती है। बावजूद शासन - सत्ता की शिथिलता से लोग आहत हैं। एकडंडी गांव के मो. यूसूफ ने कहा कि इस पथ में जलजमाव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिहार के नीतीश कुमार ने बताया कि प्रशासन को इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करना चाहिए। जिससे आमजन को राहत मिल सके। परसंडी के शैलेन्द्र नारायण ¨सह ने कहा कि ब्लॉक गेट के ठीक सामने की यह समस्या प्रशासन के लिए कलंक के समान है। उन्होंने इसे अविलंब ठीक कराने की मांग की है।