श्रीराम बारात का पुपरी में भव्य स्वागत
पुपरी (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी : अयोध्या से पहुंची श्रीराम जानकी विवाह बारात शोभा यात्रा का शनिवार क
पुपरी (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी : अयोध्या से पहुंची श्रीराम जानकी विवाह बारात शोभा यात्रा का शनिवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाके तक भव्य स्वागत किया गया। बारात का बछाड़पुर गांव से ही स्वागत शुरू हो गया। इंतजार में खड़ी भीड़ ने पुष्प वर्षा की। बिरौली चौक पर इंतजार में खड़ी महिलाओं ने फुल, माला, पान मखान और जल से बारातियों का स्वागत किया। शहर में दाखिल होते ही श्रद्धालुओं में खुशियां दौड़ गई। भाजपा व आरएसएस द्वारा बारात के स्वागत के लिए भव्य तैयारी की गई थी। जगह-जगह तोरणद्वार के साथ सड़क की सफाई की गई थी। बाबा नागेश्वर स्थान के समीप बारात यात्रा पहुंचते ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। महिला, पुरुष व युवकों ने बारात पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान बारात में शामिल साधु संतों से आशीर्वाद लेने के लिए होड़ मची रही। आजाद टावर चौक से कर्पूरी चौक, राणी सती पेट्रोल पंप, झझिहट चौक, चंदौना महाविद्यालय से लेकर सम्हौली सीमा तक श्रद्धालुओं का कारवा श्री राम जानकी विवाह बारात की स्वागत में खड़े रहे। महिलाएं मिथिला की पारंपरिक विवाह गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना रही थी। बारात को देखने के लिए अप्रत्याशित भीड़ उमड़ पड़ी।