भाभी की बहन से था इश्क, करवा चौथ पर पंचायत ने दी एेसी सजा...जानें मामला
अपने घर आई भाभी की छोटी बहन से उसे प्यार हो गया। दोनों एकांत में प्रेमालाप में मग्न थे कि गांव के लोगों ने देख लिया। फिर पंचायत बैठी और करवा चौथ की शाम दोनों की शादी करा दी गई।
शेखपुरा [जेएनएन ]। बड़े भाई की साली घर आई तो छोटे के मन में उमंगें हिलोरे लेने लगीं। उधर बहन के घर आई युवती का भी वही हाल था। दोनों की आंखें चार हुईं, घर के लोगों से छिपकर दोनों एक-दूसरे से मिलने लगे। नजदीकी और बढ़ी तो यह आकर्षण मर्यादा की सीमाएं लांघने लगा। एक दिन दोनों दुनिया की नजरें बचाकर प्रेमलीला में मशगूल थे कि गांव के लोगों ने देख लिया। इस पर खूब हायतौबा मचा।
फिर पंचायत बैठी और दोनों को पंचायत ने आजीवन एक-दूजे का होने का हुक्म दे दिया। करवा चौथ की शाम जब सुहागिन महिलाएं चांद का दीदार कर अपने पति की लंबी उम्र की दुआएं कर ही थीं, यह जोड़ा सात फेरे ले रहा था। घटना शेखपुरा के बरुई गांव की है। युवती नालंदा जिले के पावापुरी की रहने वाली है।