पति की दीर्घायु को सुहागिनों ने की वट वृक्ष की पूजा
अपने पति की दीर्घायु के लिए गुरुवार को सुहागिनों ने वट वृक्ष की पूजा की।
शेखपुरा । अपने पति की दीर्घायु के लिए गुरुवार को सुहागिनों ने वट वृक्ष की पूजा की। इस बार यह आयोजन गुरुवार को होने से इसका अधिक महत्व माना जा रहा है। इस वट वृक्ष की पूजा को लेकर शहर से लेकर गांव तक बरगद के वृक्षों के नीचे महिलाओं को भारी भीड़ देखी गई। कई स्थानों पर सत्यवान-सावित्री की कथा का भी आयोजन किया गया। इस वार्षिक पूजा को लेकर विवाहिता महिलाएं गुरुवार को सुबह से ही व्यस्त दिखीं। इस बार भारी संख्या में नई विवाहितों ने भी इस पूजा को शुरू किया। शेखपुरा में इस वट वृक्ष की पूजा में आम के साथ-साथ कई खास भी शामिल हुए। जिला की सीनियर प्रशासनिक अधिकारी वरीय उपसमाहर्ता सुषमा कुमारी ने भी इस पूजा में सार्वजनिक स्थान पर आकर वट वृक्ष की पूजा की। अन्य महिलाओं के साथ उन्होंने बाजार समिति गोदाम के पास स्थित वट वृक्ष की पूजा की। इसी तरह की भीड़ कलेक्ट्रेट गेट के पास स्थित बरगद के पेड़ तथा शेखपुरा थाना के पास स्थित देखी गई। इस पूजा में विवाहित महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु के लिए बरगद के पेड़ का 108 फेरे लगाये और धागा लपेटा। इस बाबत आचार्य निरंजन पांडेय ने बताया कि बरगद की पूजा की शुरुआत हजारों साल पहले सतयुग से शुरू हुई थी। बरगद की पूजा के बल पर ही अपने पति सत्यवान को यमराज से वापस लाने में सफलता पाई थी।