पीएम की रैली के बाद होगा सीटों का बंटवारा : सुमो
शिवहर। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि पीएम की प्रस्तावित रैली के बाद एनडीए के बीच
शिवहर। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि पीएम की प्रस्तावित रैली के बाद एनडीए के बीच सीटों का बंटवारा हो जाएगा। इसके पहले एनडीए के घटक दलों के नेताओं की बैठक दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित साह के साथ 31 अगस्त को होगी। शिवहर निरीक्षण भवन में शुक्रवार को पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। श्री मोदी ने कहा विधान सभा चुनाव की घोषणा में तकरीबन आठ दिन बचे है तो ऐसे वक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केन्द्रीय पैकेज मे घोषित 10 हजार करोड़ से ज्यादा की योजनाओं की शिलान्यास कर बिहार की जनता के साथ मजाक कर रहे है। मुख्यमंत्री ने गंगा पर पांच हजार करोड़ की लागत वाले पुल का शिलान्यास टेंडर और राशि का इंतजाम किये बिना ही कर दिया है। दरअसल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुकाबले के लिए नीतीश कुमार आनन फानन में शिलान्यासों की झड़ी लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री के द्वारा घोषित 1.65 लाख करोड़ के मेगा पैकेज में बिहार में 8 मेगा ब्रिज , जिनमें चार पुल गंगा पर ही बनने वाले है के लिए राशि निर्धारित है। पटना के निकट गांधी सेतु के सामांतर गंगा पर जिस 6 लेन पुल का शिलान्यास मुख्य मंत्री ने किया है उसके लिए भी पैकेज मे पांच हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा गंगा पर मनिहारी साहेबगंज के बीच झारखंड को जोड़ने वाले पुल के साथ ही गंगा पर मोकामा और बक्सर मे भी पुल के लिए राशि में प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने बिहार को तीन ब्रिज का तोहफा दिया था। जिनमें गंगा पर निर्माणाधीन दीघा सोनपुर और मुंगेर पुल का निर्माण कार्य नीतीश कुमार केंद्र के यूपीए सरकार के 10 वर्षो के शासन काल व लालू सोनिया के सहयोग के बावजूद पूरा नहीं कर पाये। पूर्व उप मुख्य मंत्री ने कहा पैकेज में इलाके की भी कई योजनाएं शामिल है। भारत नेपाल सीमा पर समानांतर सड़क का निर्माण के साथ रक्सौल से सोनबरसा तक सड़क का निर्माण होगा। पैकेज में एक राम जानकी मार्ग भी शामिल है जो धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए पैकेज मे शामिल किया गया है। जो यूपी से प्रारंभ होकर बिहार के सिवान होते हुए मधुबनी व सीतामढ़ी तक फोर लेन से जुडेगी। उन्होंने कहा यूपीए के 10 साल के शासन काल बिहार को कोई पैकेज तो नहीं मिला लेकिन केंद्र की एनडीए की सरकार ने अपने 15 माह के शासन काल में बिहार को 1.65 हजार करोड का पैकेज दिया है। अब पैकेज की राजनीतिक हो रही है। जब प्रधानमंत्री गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो कोसी बाढ़ प्रभावितों के लिए पांच करोड़ रुपये दिये थे। जिस रुपये को नीतीश कुमार ने वापस लौटा दिया था।
मौके पर गोपालगंज के सांसद जनक, पूर्व मंत्री व विधान पार्षद देवेश चन्द्र ठाकुर, विधान पार्षद लाल बाबू प्रसाद, पूर्व विधान पार्षद वैद्यनाथ प्रसाद, पूर्व विधायक ठाकुर रत्नाकर राणा, भाजपा के जिला अध्यक्ष डा धर्मेन्द्र किशोर मिश्र , लोजपा के जिला अध्यक्ष विजय कुमार पाण्डेय,भाजपा नेता उमेश चन्द्र झा, राजीव कुमार सिंह, शशी भूषण प्रसाद सिंह आदि भाजपा अध्यक्ष मौजूद थे।