पुख्ता सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण चुनाव
जेएनएन, शिवहर : जिले के शिवहर, पिपराही व पुरनहिया प्रखंड में प्रथम चरण का पैक्स चुनाव चाक-चौबंद स
जेएनएन, शिवहर : जिले के शिवहर, पिपराही व पुरनहिया प्रखंड में प्रथम चरण का पैक्स चुनाव चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान पुरनहिया व पिपराही में 64 फीसद तथा शिवहर में 65 फीसद मतदान हुआ। जिलाधिकारी कुमार विनोद नारायण सिंह ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण रहा। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। चुनाव के दौरान जिला के सभी वरीय अधिकारी मतदान केंद्र का दौरा करते रहे। डीडीसी, एसडीओ, डीएसपी, सभी बीडीओ व सीओ बूथों पर भ्रमण करते देखे गए। डीएम जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से बूथों का जायजा लेते रहे। इस दौरान उन्होंने एक दर्जन से अधिक पीठासीन पदाधिकारी से बातचीत की। एसपी सुनील कुमार ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थानाध्यक्षों से असामाजिक तत्वों के बारे मे जानकारी ली।
मतदाताओं में दिखा उत्साह
मतदान के दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह दिखा। बूथों पर लंबी कतार लगी रहीं। कई मतदान केंद्रों पर मतदाता करीब 12 बजे तक वोट डाल चुके थे। पिपराही के कमरौली मध्य विद्यालय बूथ संख्या 62 व 63 सुना पड़ा था। करीब एक बजे परसौनी बूथ संख्या 60 व 61 पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी थी। मथुरापुर कहतरवा बूथ संख्या 26 व 27 पर भी कतार लगी थी। सुगिया कटसरी पंचायत भवन में कुछ विवाद के बाद मतदान शांतिपूर्ण शुरू हो सका।
..और परिन्दा भी पर न मार सका
मतदान केंद्रों पर दिन भर सैप जवान, बिहार पुलिस व सीआइएसएफ जवान तैनात थे। सुरक्षा बल वोटरों से शांतिपूर्ण मतदान की अपील करते देखे गए। सायरन बजाता वज्र वाहन घूमता रहा। इस दौरान रोक के बावजूद बाइक चलाने वालों की सैप ने जमकर खबर ली। मुजफ्फरपुर व सीतामढ़ी से आने वाले यात्रियों को बस चालक मतदान केंद्रों से एक किलोमीटर पहले ही रोक कर उतार रहे थे। चुनाव संपन्न होने तक लोग रिक्शा-टेंपो के इंतजार में सड़क किनारे परेशान होते रहे।
पुरनहिया संस के अनुसार : शांतिपूर्ण चुनाव में 65 फीसद मत पड़े। सुबह सात बजे से प्रारंभ मतदान अपराह्न तीन बजे तक जारी रहा। महिला वोटरों में खास उत्साह दिखा। स्थानीय बीडीओ, थानाध्यक्ष के अलावा वरीय उप समाहर्ता व डीडीसी आदि भ्रमण करते दिखे। कड़ी सुरक्षा के बीच प्रखंड मुख्यालय के किसान भवन में मतपेटियां रखी गई हैं। यहां गिनती आज होगी। बसंत जगजीवन के पैक्स अध्यक्ष अजय कुमार सिंह और अदौरी के पैक्स अध्यक्ष विपीन कुमार ने निर्विरोध निर्वाचन के लिए लोगों का आभार जताया।
तैयारियां मुकम्मल, मतगणना आज
पिपराही संस के अनुसार : मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को मतगणना कर्मियों को बीडीओ, सहकारिता पदाधिकारी ने प्रशिक्षण दिया। ई- किसान भवन में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगा। वर्णमाला के अनुसार गिनती अम्बाकाला उत्तरी व दक्षिणी से शुरू होगी। छह टेबल लगाए गए हैं। स्टेट बैंक के पास से वाहनों के प्रवेश पर रोक है।